उत्तराखंड : किशोरी से दुष्कर्म कर वीडियो किया वायरल, मुकदमा दर्ज

बाजपुर। कोतवाली में तहरीर देकर एक युवक और उसके साथियों पर एक किशोरी के साथ दुष्कर्म कर वीडियो वायरल करने का आरोप लगाया गया है। बताया गया कि आरोपी युवक किशोरी को धान की रोपाई के लिए दिहाड़ी पर काम करने ले गया था। जहां उसने डरा धमकाकर उसके साथ रेप किया और वीडियो भी बनवा लिया। पुलिस ने आरोपी पर दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार बीते 26 जून को एक किशोरी को उसी के गांव का एक युवक धान की रोपाई कराने के लिए दिहाड़ी पर लेकर गया था। जहां आरोपी ने डरा धमकाकर किशोरी से दुष्कर्म किया। इस दौरान पहुंचे आरोपी के चार साथियों ने किशोरी का वीडियो बनाया। दो जुलाई को आरोपी युवक ने किशोरी को फिर बुलाया, लेकिन किशोरी के मना करने पर आरोपी ने वीडियो को वायरल कर दिया।
वीडियो वायरल होने पर पीड़िता के पिता ने आरोपी युवक के पिता से जाकर शिकायत की। जिस पर आरोपी के पिता ने कुछ धनराशि देने और कहीं जाकर बेटी का निकाह करने की धमकी देकर उसको भगा दिया। बीते शुक्रवार को पीड़िता के पिता ने गांव के कुछ लोगों को साथ ले जाकर कोतवाली में तहरीर दी। एसएसआई महेश कांडपाल ने बताया कि  आरोपी पर दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। वीडियो बनाने वाले चार युवकों के नाम जांच के बाद मुकदमे में शामिल होंगे। आरोपी भी नाबालिग बताया जा रहा है। आरोपी की उम्र तस्दीक की जा रही है। इधर सीओ दीपशिखा अग्रवाल ने बताया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here