बाप रे! पूरी दिल्ली ‘देशद्रोही’

दिल्ली परिणाम पर शिवसेना का तंज

  • महाराष्ट्र में सियासी दोस्ती टूटने के बाद  भाजपा पर तंज कसने का कोई मौका नहीं चूक रही है शिवसेना
  • सामना की संपादकीय में दिल्ली चुनाव में भाजपा की हार पर ‘देशद्रोही’ जिक्र कर निशाना साधा
  • लिखा, देश की राजधानी ने भाजपा के विरोध में वोट डाले, अब पूरी दिल्ली को ही देशद्रोही ठहराओगे क्या?

मुंबई। नाटकीय घटनाक्रम के बाद महाराष्ट्र में सियासी दोस्ती टूटने के बाद शिवसेना अब भाजपा पर तंज कसने का कोई मौका नहीं चूक रही है। पार्टी के ‘मुखपत्र’ सामना की संपादकीय में दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की हार पर ‘देशद्रोही’ जिक्र कर निशाना साधा गया है।
संपादकीय में लिखा है, ‘भाजपा के कुछ नेता चुनाव प्रचार के दौरान कहते रहे कि जो भाजपा को वोट नहीं देगा, वो देशद्रोही है। दिल्ली देश की राजधानी है और दिल्ली ने भाजपा के विरोध में मतदान किया। अब पूरी दिल्ली को ही देशद्रोही ठहराओगे क्या? अरविंद केजरीवाल की जीत के जश्न में हजारों लोग सड़क पर उतर आए। वे वंदे मातरम और भारत माता की जय नारे लगा रहे थे। यह देशभक्ति की जीत भाजपा को भला क्यों स्वीकार नहीं है?’
शिवसेना ने कहा कि दिल्ली सहित हालिया विधानसभा चुनावों के नतीजे ने साबित कर दिया है कि भाजपा अजेय नहीं हैं। वोटर बेईमान नहीं होते हैं। धर्म का बवंडर पैदा किया जाता है, उसमें वे बिल्कुल बहते नहीं हैं। राम श्रद्धा की जीत है ही, लेकिन कुछ विजय हनुमान भी दिलाते हैं। दिल्ली में भी ऐसा ही हुआ।
मोदी और अमित शाह पर बरसते हुए संपादकीय में लिखा गया है कि केवल दो नेताओं के बलबूते भाजपा नहीं जीत सकती है और इस दंतकथा से बाहर लोगों को अब बाहर निकलना चाहिए। दिल्ली में भाजपा 10 सीटें भी नहीं पार कर पाई और केजरीवाल तीसरी बार मुख्यमंत्री बन गए हैं।
गौरतलब है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने भारी बहुमत के साथ जीत हासिल की, जबकि भाजपा ने पिछले चुनाव के मुकाबले अपने आंकड़े में सुधार किया। आप को 62 सीटें मिली हैं और जीत से काफी दूर भाजपा को आठ सीटों पर संतोष करना पड़ा। केजरीवाल ने आज रविवार को तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here