लगातार 5वें दिन मार्केट धड़ाम, निवेशकों के 11 लाख करोड़ डूबे

  • सेंसेक्स 1900 पॉइंट गिरा, शेयर बाजार में सभी 30 शेयरों में रहा गिरावट का रुख

मुंबई। सप्ताह के पहले दिन आज सोमवार को भी शेयर बाजार में गिरावट का ट्रेंड जारी है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स सोमवार को 1,900 पॉइंट्स गिर कर 57,164 पर कारोबार पर कर रहा है। इस वजह से निवेशकों के 11 लाख करोड़ रुपए डूब गए। नायका, जोमैटो और पेटीएम जैसी कंपनियों के स्टॉक जमकर पिटे हैं। शेयर बाजार में गिरावट का यह ट्रेंड पिछले 5 दिन से जारी है। आज बाजार में हुई गिरावट 5 दिन में सबसे ज्यादा है। पिछले मंगलवार को इसमें 554, बुधवार को 656, गुरुवार को 634 और शुक्रवार को 427 अंक की गिरावट आई थी।
शुक्रवार को मार्केट कैप 270 लाख करोड़ रुपए था जो आज सोमवार को 259 लाख करोड़ रुपए हो गया है। बजाज फाइनेंस, टेक महिंद्रा और विप्रो के स्टॉक 4-4% टूट गए हैं। टाटा स्टील और टाइटन 4-4% गिरे हैं। एक हफ्ते में मार्केट कैप 21 लाख करोड़ रुपए घट गया है। पिछले सोमवार को यह 280 लाख करोड़ रुपए था।
सेंसेक्स आज सोमवार को 14 पॉइंट्स नीचे 59,023 पर खुला था और यही इसका पहले घंटे में ऊपरी स्तर भी था। इसका निचला स्तर 57,117 का था। सेंसेक्स के सभी 30 शेयर गिरावट में हैं। सबसे ज्यादा गिरने वाले शेयरों में एशियन पेंट्स, डॉ. रेड्डी, विप्रो और एचसीएल टेक हैं।
इन कंपनियों में भी दिखी गिरावट : बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, टाटा स्टील, टाइटन, कोटक बैंक, एचडीएफसी बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, टीसीएस भी गिरावट में हैं। लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 259 लाख करोड़ रुपए है।
ये हैं गिरावट के तीन प्रमुख कारण : अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ने के संकेत, यूक्रेन और रूस के बीच तनाव और विदेशी निवेशकों द्वारा लगातार भारतीय बाजार में बिकवाली। बाजार में गिरावट का मुख्य कारण अमेरिका के सेंट्रल बैंक फेडरल रिजर्व बैंक की कल से शुरू हो रही बैठक है। इसमें पूरी उम्मीद है कि ब्याज दरें बढ़ाने का फैसला लिया जाएगा। इसका फैसला 26 जनवरी को होगा। हालांकि उस दिन भारतीय बाजार गणतंत्र दिवस की वजह से बंद रहेंगे। इसका असर 27 जनवरी को दिख सकता है।
800 शेयर लोअर सर्किट में : सेंसेक्स के 234 स्टॉक अपर और 800 लोअर सर्किट में कारोबार कर रहे हैं। इसका मतलब यह हुआ कि एक दिन में इनमें एक तय सीमा से ज्यादा की न तो गिरावट हो सकती है और तेजी आ सकती है। उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 500 अंक गिर कर 17,000 पर कारोबार कर रहा है।
निफ्टी 17,575 पर खुला था और इसका उपरी स्तर 17,599 जबकि निचला स्तर 17,140 था। इसमें 454 पॉइंट्स की गिरावट है और यह 17,000 पर कारोबार कर रहा है। इसके 50 शेयर्स में से 2 बढ़त में और 48 गिरावट में कारोबार कर रहे हैं। इसके मिडकैप, नेक्स्ट 50, बैंक और फाइनेंशियल इंडेक्स नीचे हैं। गिरने वाले प्रमुख शेयर में JSW स्टील, हिंडालको, एशियन पेंट्स, टेक महिंद्रा हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here