दिग्गी राजा का मुकाबला करेंगी प्रज्ञा!

  • भाजपा में शामिल हुईं साध्वी प्रज्ञा ठाकुर और भोपाल से चुनाव लड़ना लगभग तय
  • वर्ष 2008 के मालेगांव ब्लास्ट मामले में नौ साल तक जेल में रही थीं प्रज्ञा

मध्य प्रदेश की हॉट सीट भोपाल से चुनाव लड़ने की अटकलों के बीच साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर भाजपा में शामिल हो गईं। आज वह भोपाल में पार्टी कार्यालय पहुंचीं और भाजपा के नेताओं के साथ बैठक की। बताया जा रहा है कि अब भोपाल सीट से उनका चुनाव लड़ना तकरीबन तय है। साध्वी की उम्मीदवारी का ऐलान आज शाम तक किया जा सकता है। 
साध्वी ने मीडिया से वार्ता में कहा कि वह चुनाव लड़ेंगी और जीतेंगी। उनका मुकाबला कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह से होगा। उनके साथ बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, रामलाल और प्रभात झा भी थे।
दूसरी ओर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ से जब मीडिया ने साध्वी प्रज्ञा के भाजपा में शामिल होने पर सवाल पूछा तो उन्होंने कहा कि साध्वी का भाजपा में शामिल होना पार्टी की मनोदशा को दिखाता है।
गौरतलब है कि वर्ष 2008 में मालेगांव ब्लास्ट मामले में आरोपी साध्वी प्रज्ञा को गत वर्ष ही एनआईए अदालत ने सबूतों के अभाव में बरी कर दिया था। वह लगभग नौ साल जेल में रहीं। साध्वी प्रज्ञा वर्ष 2007 के आरएसएस प्रचारक सुनील जोशी हत्याकांड में भी आरोपी थीं, लेकिन कोर्ट ने उन्हें सभी आरोपों से बरी कर दिया। साध्वी प्रज्ञा का जन्म मध्य प्रदेश के भिंड जिले के कछवाहा गांव में हुआ था। वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की छात्र इकाई अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की सक्रिय सदस्य भी रह चुकी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here