मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ : सौजन्या

  • सचिवालय में लोकसभा सामान्य निर्वाचन हेतु मीडिया वर्कशाॅप का आयोजन

देहरादून। शुक्रवार को सचिवालय में लोकसभा सामान्य निर्वाचन हेतु मीडिया वर्कशाॅप का आयोजन किया गया। वर्कशाॅप के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या ने मीडिया को लोकतंत्र का चौथा स्तम्भ बताते हुए कहा कि मीडिया निर्वाचन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि मीडिया के माध्यम से अधिक वोटिंग करवाने हेतु चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी आमजन तक पहुंचायी जा सकती है। सी-विजिल एप शुरू किया गया है, जिसके माध्यम से काई भी व्यक्ति आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत कर सकता है। 100 मिनट के अंदर उस शिकायत पर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
सौजन्या ने कहा कि वोटर हेल्प लाईन टोल फ्री नम्बर 1950 एवं वोटर हेल्प लाईन एप के माध्यम से निर्वाचन से सम्बन्धित सभी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। इस एप के माध्यम से कोई भी व्यक्ति, वोटर लिस्ट में नाम है या नहीं और यदि नहीं है, की जानकारी प्राप्त कर सकता है। इसके साथ ही मतदाता सूची में अपना नाम शामिल या परिवर्तित भी करवा सकता है। विज्ञापन अनुश्रवण समिति के सदस्य सुभाष गुप्ता ने पेड न्यूज से सम्बन्धित विभिन्न विषयों पर जानकारी दी। उन्होंने पेड न्यूज से होने वाले नुकसान और उन्हें पहचानने के तरीकों पर भी जानकारी दी।

स्वीप के राज्य समन्वयक असलम ने निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाताओं को मतदान के लिए जागरूक करने हेतु चलाए जा रहे अभियानों के विषय में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वोटिंग प्रक्रिया को और पारदर्शी बनाए जाने के लिए राज्य में शत प्रतिशत वीवीपीएटी का प्रयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों को दिव्यांगजनों की आवश्यकतानुसार साईन लेंग्वेज आदि की ट्रेनिंग दी गई है। 31 जनवरी तक राज्य में एक लाख 16 हजार नये मतदाता जुड़े हैं, जिसमें 42 हजार से अधिक ऐसे नये मतदाता शामिल हैं जो पहली बार मतदान करेंगे।
उन्होंने मीडिया से अनुरोध किया कि भारत निर्वाचन आयोग के प्रयासों की जानकारी को अधिक से अधिक प्रचारित करें ताकि मतदाता इनका लाभ उठा सकें। उप निदेशक सूचना नितिन उपाध्याय ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया की कवरेज व इसके लिए मीडिया को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए भारत निर्वाचन आयोग की गाईड लाईन है। इसके साथ ही प्रेस काउंसिल आफ इंडिया की प्रिन्ट मीडिया एवं न्यूज ब्राॅडकास्टिंग स्टैंडर्ड अथाॅरिटी (एनबीएसए) द्वारा इलेक्ट्राॅनिक मीडिया के लिए गाईड लाईन है। निर्वाचन में मीडिया एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। प्रिन्ट और इलेक्ट्राॅनिक मीडिया को अफवाहों, आधारहीन व गलत सूचनाओं से बचना चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here