मेरा भाई हिंदुस्तानी : प्रियंका

राहुल की नागरिकता पर बवाल

  • सुब्रमण्यन स्वामी ने गृह मंत्रालय को चिट्ठी लिख राहुल को ब्रिटिश नागरिक होने का किया दावा 
  • गृह मंत्रालय ने नोटिस जारी कर राहुल को 15 दिन में इन आरोपों पर मांगी सफाई 
  • भाजपा ने पूछा, राहुल लंदन वाले हैं या लुटियंस वाले, यह साफ करें
  • भाई के बचाव में उतरीं कांग्रेस महासचिव ने कहा, पूरा हिंदुस्तान जानता है कि राहुल हिंदुस्तानी

नई दिल्ली। राहुल गांधी की नागरिकता पर मचे बवाल पर अब उनकी बहन प्रियंका गांधी राहुल के पक्ष में आ गई हैं। प्रियंका ने इस पूरे विवाद को बकवास बताते हुए कहा कि पूरा हिंदुस्तान जानता है कि राहुल हिंदुस्तानी हैं। गौरतलब है कि राहुल पर ब्रिटिश नागरिक होने का आरोप लगा है, जिस पर गृह मंत्रालय ने नोटिस जारी करके उनसे 15 दिन के अंदर जवाब दाखिल करने को कहा है। इसके बाद से भाजपा भी राहुल गांधी पर हमलावर हो गई है। प्रियंका से राहुल गांधाी को मिले गृह मंत्रालय के नोटिस पर सवाल किया गया था। इस पर उन्होंने कहा, ‘मैंने ऐसी बकवास पहले कभी नहीं सुनी। पूरा हिंदुस्तान जानता है कि राहुल हिंदुस्तानी हैं। वह यहीं पैदा हुआ, यहीं उनकी परवरिश हुई है।’ गौरतलब है कि भाजपा सांसद सुब्रमण्यन स्वामी ने गृह मंत्रालय को एक चिट्ठी लिखकर राहुल को ब्रिटिश नागरिक होने का दावा किया है। इस शिकायत के बाद कांग्रेस अध्यक्ष को गृह मंत्रालय ने नोटिस जारी किया है। राहुल को 15 दिनों के अंदर नोटिस का जवाब देना है। कांग्रेस ने स्वामी के इन आरोपों का खंडन किया है और राहुल को जन्म से भारतीय बताया है। वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री ने मंत्रालय के नोटिस को एक सामान्य प्रक्रिया करार दिया है। गृह मंत्रालय का नोटिस जाने के बाद भाजपा भी राहुल और कांग्रेस पर हमलावर हो गई है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि राहुल की यात्रा, कंपनी और डिग्री हर चीज संदिग्ध है। राहुल के पदचिह्न हिममानव की तरह हैं। यह पद चिह्न कहां जा रहे हैं। भाजपा ने पूछा कि राहुल लंदन वाले हैं या लुटियंस वाले, यह साफ करना चाहिये। कुछ दिन पहले अमेठी लोकसभा सीट से एक निर्दलीय प्रत्याशी ध्रुव लाल ने रिटर्निंग ऑफिसर से शिकायत की थी कि राहुल ने ब्रिटिश नागरिकता ने ली थी और इसलिए उनका नामांकन रद्द किया जाए। हालांकि बाद में निर्वाचन अधिकारी ने राहुल के नामांकन की जांच कर इसे वैध बताया था। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here