राजनाथ के सामने चुनावी अखाड़े में उतरीं पूनम!

सियासी शतरंज

  • सपा में शामिल हुईं प्रसिद्ध अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा, लखनऊ से केंद्रीय गृहमंत्री के खिलाफ लड़ेंगी चुनाव
  • अखिलेश की पत्नी डिंपल यादव की मौजूदगी में पूनम ने ली सदस्यता, कई दिनों से पार्टी में शामिल होने की थी चर्चा 

लखनऊ। प्रसिद्ध अभिनेता और कांग्रेस नेता शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा सपा में शामिल हो गई हैं। उन्होंने अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली। इसी के साथ उन्‍हें लखनऊ सीट से केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के खिलाफ चुनाव मैदान में उतारने का ऐलान कर दिया गया है। 
सपा के वरिष्‍ठ नेता रविदास मेहरोत्रा यह घोषणा करते हुए कांग्रेस से अपील की है कि वह लखनऊ से अपना प्रत्याशी न उतारे ताकि भाजपा को हराया जा सके। पूनम 18 अप्रैल को अपना नामांकन पत्र भरेंगी। गौरतलब है कि शत्रुघ्न कांग्रेस के टिकट से पटना साहिब से चुनाव लड़ रहे हैं। वह हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए हैं। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि कांग्रेस पूनम को समर्थन दे सकती है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार लखनऊ में कायस्थ मतदाताओं की संख्या तीन से साढ़े तीन लाख के आसपास है। इनके अलावा सवा लाख के करीब सिंधी वोटर हैं। इसी वजह से पूनम सिन्हा को लखनऊ से लड़ाने का सुझाव दिया था।
उल्लेखनीय है कि पूनम खुद सिंधी हैं। गत दिनों सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और शत्रुघ्न सिन्हा की मुलाकात में पूनम के नाम पर चर्चा भी हुई। शत्रुघ्न की शर्त थी कि कांग्रेस भी पूनम के खिलाफ प्रत्याशी खड़ा न करे। शत्रुघ्न अब कांग्रेस में हैं और उन्हें उम्मीद है कि वह कांग्रेस को मना लेंगे। लखनऊ से मौजूदा सासंद राजनाथ ने आज ही नामांकन दाखिल किया है। अभी तक उनके खिलाफ न ही कांग्रेस और न ही सपा अपना उम्मीदवार उतार पाई थी, लेकिन अब पूनम के नाम की घोषण के साथ ही कुहासा साफ हो गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here