पुलिस की सरपरस्ती में सज रही थीं महफिलें!

    नोएडा में रेव पार्टी

    • हर वीकेंड पर फार्महाउस में डांस, ड्रग्स और सेक्स का मिलता था कॉकटेल
    • प्रति इवेंट एक हजार रुपये के किराये पर पर एस्कॉर्ट सर्विस से बुलाई गई थीं आठ लड़कियां
    • इनका काम लड़कों को जुएं व दूसरी नशीली चीजों की खरीदारी के लिए तैयार करवाना था
    • इस पर होने पर होने वाली कमाई का इन लड़कियों को मिलता था कुल 10 पर्सेंट कमीशन 
    • वीकेंड पर पार्टी 15 से 20 लाख रुपये कमा लेते थे आयोजक और पुलिस को देते थे तीन लाख रुपये 

    नोएडा। यमुना किनारे सेक्टर-135 इको फार्महाउस पर हर वीकेंड पर महफिलें सजती थीं। बीते रोज यहां से करीब 200 युवक-युवतियों को अरेस्ट किया गया था। महफिल में आने वाले लोगों को पूरी रात डांस, म्यूजिक, ड्रग्स और सेक्स का कॉकटेल मिलता था। रात भर एन्जॉय करने के बाद छात्र-छात्राएं अपनी गाड़ियों से अगले दिन घर लौट जाते।  बीती रात पूल सैटरडे नाइट विद डीजे ईशू एंड आशू के नाम से हो रही इस पार्टी में करीब 200 लड़के-लड़कियां पहुंचे थे। इनमें अधिकतर दिल्ली के नौजवान थे। पार्टी में लड़कियों की एंट्री फ्री रखी गई थी और लड़कों को 10 हजार रुपये फीस देनी थी। पार्टी में 31 लड़कियां पकड़ी गईं। इनमें से आठ एस्कॉर्ट सर्विस से बुलाई गई थीं और बाकी अपने बॉयफ्रेंड के साथ वहां पहुंची थीं।
    गौतमबुद्धनगर के एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि एस्कार्ट सर्विस की लड़कियों को प्रति इवेंट एक हजार रुपये के किराये पर लाया गया था। भड़कीले कपड़े पहने इन लड़कियों का काम लड़कों का मनोरंजन करना और उन्हें वहां जुए व दूसरी नशीली चीजों की खरीदारी के लिए तैयार करना था। इस पर होने पर होने वाली कमाई का कुल 10 पर्सेंट उन लड़कियों की जेब में जाता था। मौज मस्ती के लिए फार्महाउस में तीन कमरे भी बनाए गए थे। फार्म हाउस से 161 युवक और 31 युवतियों को गिरफ्तार किया गया। वहां से बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है। कुछ लग्जरी कार, बाइक व मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। एक्सप्रेस वे पुलिस की भूमिका संदिग्ध है। एसपी सिटी को इस मामले की जांच सौंपी गई है।पुलिस ने जब वहां छापा मारा तो वहां पर तमाम लड़के-लड़कियां नशे की हालत में डीजे पर झूम रहे थे। कई लड़के टेबल और पूल में घुसकर हुक्के का कश ले रहे थे। बिना अनुमति के डीजे, विदेशी शराब के सेवन और अवैध हुक्के का इस्तेमाल करने पर 161 लड़कों और 31 लड़कियों को पकड़ लिया गया। पकड़े गए लोगों में अधिकतर युवा दिल्ली के निवासी हैं, जबकि कुछ हरियाणा, गाजियाबाद, नोएडा के रहने वाले हैं। 
    पुलिस ने मौके से पार्टी के आयोजक व फार्महाउस मालक अमित त्यागी को भी उसके साथियों कपिल सिंह भाटी, पंकज शर्मा, अदनान और बालेश कोहली के साथ अरेस्ट कर लिया। आरोप है कि अमित वहां पर पहले भी 40-50 पार्टियां करवा चुका है। हर पार्टी से पहले वह एक्सप्रेस थाना पुलिस को मोटा चढ़ावा देता था। इस मामले में एसएचओ की भूमिका की जांच के लिए एसपी सिटी सुधा सिंह को जिम्मा सौंपा गया है।
    जांच में पता चला कि आयोजक फेसबुक और वाट्सऐप पर सैटरडे पूल पार्टी के नाम से ओपन इन्विटेशन डालकर युवाओं को आमंत्रित करते थे। ज्यादातर लड़कियां अपने बॉयफ्रेंड के साथ पार्टी में आईं थीं। सभी लड़कियां हाईप्रोफाइल घरों की बताई जा रही हैं। 
    इस पार्टी में गाजियाबाद में तैनात सिपाही अमित भी शामिल हुआ था। इसे युवकों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया था। हालांकि, उसने अपनी पहचान छुपा रखी थी। गुपचुप तरीके से कुछ लोगों से खुद को छुड़ाने के लिए उसने सिफारिश की थी जिसके बाद उसकी पोल खुली। इस बारे में एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि सिपाही अमित गाजियाबाद में तैनात रहा है। उन्होंने बताया कि एक्सप्रेस वे थाना प्रभारी इंस्पेक्टर हर्षवर्धन भदौरिया को सस्पेंड करने के लिए चुनाव आयोग को लेटर भेज दिया गया है। अनुमति मिलते ही इंस्पेक्टर को सस्पेंड कर दिया गया है। 
    पकड़े गए नौजवानों में छात्र-छात्राओं से लेकर बिजनसमेन और नेता- अफसरों के बच्चे तक शामिल हैं। हालांकि पुलिस ने पार्टी में ड्रग्स मिलने की बात से भी इंकार कर दिया। दूसरी ओर टीम में शामिल कई अधिकारियों ने अनौपचारिक बातचीत में नशीले पदार्थ मिलने की बात को स्वीकार किया। रेव पार्टी में बड़ी संख्या में युवक- युवतियों के पकड़े जाने के बाद पूरी रात पुलिस अफसरों के फोन घनघनाते रहे। अपने बच्चों के भविष्य का हवाला देकर लोग उन्हें माफ कर छोड़ देने की गुहार करते रहे। लोगों ने कई नेताओं के जरिए भी पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश की। बाद में पुलिस ने प्रेसवार्ता में युवाओं के भविष्य को देखते हुए उनके नाम-पते बताने से इनकार कर दिया।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here