उत्तराखंड : खेत की मेढ़ के विवाद में चाची को फावड़े से काटा, आरोपी के भाई और पिता हिरासत में

गूलरभोज। यहां खेत की मेढ़ को लेकर हुए विवाद में भतीजे ने फावड़े से अपनी चाची व पूर्व ग्राम प्रधान पर हमला कर काट डाला। गंभीर रूप से घायल महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी के भाई और पिता को हिरासत में बंद कर दिया।
गौरतलब है कि बीते बुधवार को ग्राम चंदायन में भगत सिंह अपनी पत्नी और पूर्व प्रधान संतो देवी (45) के साथ खेत पर धान लगा रहा था। इसी खेत के बराबर में उसके भाई भूरा सिंह का भी खेत है। दोनों परिवारों में जमीन को लेकर रंजिश चल रही है। चौकी प्रभारी जेसी तिवारी ने बताया कि बुधवार को खेत की मेढ़ पर भगत सिंह छिलई कर रहा था। यह देख भूरा का बेटा मदन सिंह भी वहां पहुंच गया। दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई, जो खूनी संघर्ष में बदल गई।
मारपीट होती देख दोनों पक्षों के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। इसी दौरान मदन सिंह ने फावड़े से चाची संतो देवी के सिर पर वार कर दिया। इससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गई। मौके पर अफरातफरी मच गई। आनन-फानन में घायल को लेकर परिजन रुद्रपुर अस्पताल पहुंचे, लेकिन गंभीर हालत देखकर डॉक्टर ने संतो देवी को रेफर कर दिया।
परिजन उसे हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल ले गए। बृहस्पतिवार को इलाज के दौरान संतो देवी की मौत हो गई।  चौकी प्रभारी ने बताया कि महिला की मौत के बाद मुख्य आरोपी मदन की गिरफ्तारी को लेकर उसके घर पर दबिश दी गई, लेकिन वह नहीं मिला। उसके पिता भूरा सिंह और भाई त्रिलोक सिंह को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here