कांग्रेस का दावा : खाली कुर्सियां रहीं मोदी की रैली रद्द होने की वजह, यकीन न हो तो देख लीजिए!

  • दूसरे लॉकडाउन के हीरो कांग्रेस नेता श्रीनिवास का ट्वीट- मोदीजी, हाउ इज द जोश

नई दिल्ली। आज बुधवार को पंजाब के फिरोजपुर में होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली भाजपा के अनुसार सुरक्षा कारणों से रद्द कर दी गई। इसके तुरंत बाद मोदी ने चन्नी पर तंज कसा। कहा कि शुक्रिया, मेरी जान बच गई। भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर साजिश का आरोप लगाया तो कांग्रेस नेताओं की बयानबाजी भी शुरू हो गई।

कांग्रेस के बयान
1. रैली रद्द होने की वजह खाली कुर्सियां : भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जब सुरक्षा प्रबंध को लेकर पंजाब सरकार को कठघरे में खड़ा किया तो रणदीप सुरजेवाला ने उन्हें आपा न खोने की सलाह दी। सुरजेवाला ने ट्वीट किया, ‘आपा मत खोइए। जरा शराफत से याद करिए कि प्रधानमंत्री की रैली के लिए 10 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए। एसपीजी और दूसरी एजेंसियों के साथ मिलकर सभी व्यवस्थाएं की गईं। सभी रूट डायवर्ट कर दिए गए। हरियाणा और राजस्थान से आने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए भी रूट डायवर्ट किया गया। रैली रद्द होने का कारण खाली कुर्सियां रहीं। यकीन न हो तो देख लीजिए।’

2. दूल्हा आया न बाराती, न बजी शहनाई : यूथ कांग्रेस अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास ने प्रधानमंत्री से सवाल किया, “मोदी जी हाउज द जोश।” इसके बाद यूथ कांग्रेस ने भी इसी तर्ज पर बयानबाजी की। ट्वीट किया, “यह कर्मों का फल है।” गौरतलब है कि बीवी श्रीनिवास ने दूसरे लॉकडाउन के दौरान लोगों को खाना, ट्रांसपोर्टेशन और अन्य जरूरी चीजें मुहैया कराकर सुर्खियां बटोरी थीं। श्रीनिवास ने ट्वीट किया, “जो लोग 750 किसानों की शहादत से नहीं बौखलाए। जिस प्रधानमंत्री ने देश के अन्नदाता को उनके हाल पर छोड़ दिया और कभी मुलाकात नहीं की। आज वे सभी लोग खाली कुर्सियों के चलते रद्द हुई रैली की वजह से दुखी हैं। न दूल्हा आया, न बाराती आए और न शहनाई बज पाई।’

3. आपने किसानों को रोका था, ये कर्म हैं : यूथ कांग्रेस ने मोदी की रैली रद्द होने पर ट्वीट किया- आप किसानों को दिल्ली के बॉर्डर में घुसने से से रोक देते हैं। यह तो कर्मों का फल है।

मोदी सरकार ने पूछे कांग्रेस सरकार से सवाल
1. सिक्योरिटी डिटेल कहां से लीक की गई?
2. पीएम की सिक्योरिटी के बार-बार कहने पर भी रिस्पांड क्यों नहीं किया गया?
3. पीएम के सिक्योरिटी ब्रीच पर कांग्रेस अब जश्न क्यों मना रही है?
उधर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने इस बयानबाजी पर कहा कि जनता द्वारा चुने गए प्रधानमंत्री की सुरक्षा में चूक पर कांग्रेस जोश का जश्न मना रही है। उनके बयान आ रहे हैं कि हाउ इज द जोश मोदी जी। ईरानी ने कहा कि बैर मोदी से है, लेकिन देश के प्रधानमंत्री का बाल बांका करने की साजिश को देश समर्थन नहीं देगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here