ऋषिकेश : मोदी ने सीएम धामी को बताया अपना मित्र!

पुष्कर ‘टीम’ की थपथपाई पीठ

  • प्रधानमंत्री ने ऋषिकेश एम्स सहित देशभर में 35 ऑक्सीजन प्लांटों का किया लोकार्पण
  • मोदी ने थपथपाई टीम धामी की पीठ, कहा अच्छा काम कर रही है उत्तराखंड की टीम  

ऋषिकेश। आज गुरुवार को पहले नवरात्र पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज उत्तराखंड के साथ ही देशभर में 35 ऑक्सीजन प्लांटों का लोकार्पण किया। मोदी ने एम्स ऋषिकेश में आयोजित कार्यक्रम में ऑक्सीजन प्लांट का लोकार्पण किया। इसके साथ ही रिमोट द्वारा वर्चुअली देशभर के अन्य ऑक्सीजन प्लांट का उद्घाटन भी किया। इस मौके पर मोदी ने कहा कि उत्तराखंड की टीम अच्छा काम कर रही है। केंद्र सरकार भी प्रदेश सरकार की पूरी मदद कर रही है। उत्तराखंड अगले तीन चार सालों में गठन के 25 वर्ष पूरे करने जा रहा है। भाजपा सरकार का डबल इंजन प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।

इस मौके पर मोदी ने कहा कि देवभूमि दुनियाभर के लोगों को आकर्षित करती रही है। इसे मां गंगा का आशीर्वाद मिल रहा है। आज से ही नवरात्र भी शुरू हो रहे हैं और आज के दिन मेरा यहां आकर हिमालय की धरती को प्रणाम करना धन्य भाग्य है। मोदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अपना ‘मित्र’ कहकर संबोधित किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की देवधरा ने मेरे जैसे अनेक लोगों के जीवन में बदलाव लाने का काम किया है। उत्तराखंड की भूमि मेरे कर्म और मर्म की भूमि है। यहां से मेरा नाता सत्व का भी है और तत्व का भी है। बीस साल पहले मुझे आज के ही दिन गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी मिली थी। और आज के दिन उत्तराखंड आना मेरा सौभाग्य है। यहां आकर एक नई ऊर्जा मिलती है। जहां योग और आयुर्वेद की शक्ति से जीवन को आरोग्य बनाने का समाधान हुआ है, आज वहीं से देश भर के ऑक्सीजन प्लांट का शुभारंभ हुआ है।

उन्होंने कहा कि आज मैं देवभूमि उत्तराखंड से देश को 35 ऑक्सीजन प्लांट का उपहार देने में गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। एक विश्वस्तरीय जांच लैब से शुरुआत करने के साथ आज हमारे पास तीन हजार विश्वस्तरीय जांच लैब हैं। कभी मास्क और दवाओं के आयात के लिए हम दूसरे देशों पर निर्भर थे। आज भारत मास्क और दवाएं निर्यात कर रहा है। दूरस्थ गांवों में भी वेंटिलेटर और ऑक्सीजन की सुविधा पहुंची है। 
मोदी ने कहा कि कोरोना की  दूसरी लहर में देश और दुनिया में दिन-रात जहां से भी संभव हो, वहां से ऑक्सीजन टैंकर उपलब्ध कराए गए। विशेष ट्रेन चलाई गईं। विमान से ऑक्सीजन लाई गई। डीआरडीओ की मदद ली गई। एक लाख से अधिक ऑक्सीजन कंसंट्रेटर के लिए प्रधानमंत्री कोष से रुपए भी दिए गए। देश को करीब चार हजार नए ऑक्सीजन प्लांट मिलने जा रहे हैं। देश के अस्पताल पहले से ज्यादा सक्षम हो रहे हैं। यह गर्व की बात है कि कोरोना वैक्सीन की 93 करोड़ डोज लगाई जा चुकी हैं और जल्द ही हम 100 करोड़ का लक्ष्य हासिल कर लेंगे।

पीएम ने कहा कि उत्तराखंड जल्द ही शत-प्रतिशत पहली कोरोना डोज का पड़ाव पूरा करने वाला है। ऑक्सीजन के निर्माण के साथ उसका ट्रांसपोर्टेशन भी मुश्किल होता है। पूर्वी भारत में सबसे अधिक ऑक्सीजन निर्माण होता है। लेकिन दूसरी लहर के दौरान उत्तर और पश्चिम भारत में ऑक्सीजन की सबसे अधिक जरूरत थी। आज देश के हर जिले के पास अपना पीएसए ऑक्सीजन प्लांट है। राज्य सरकार और केंद्र के प्रयासों से भारत में पीएम केयर्स के तहत चार हजार नए ऑक्सीजन संयंत्र स्थापित होंगे। पहले छह एम्स थे। आज देश में 22 एम्स हैं। सरकार का लक्ष्य है कि देश के हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज बनाया जाए। उत्तराखंड में भी पिथौरागढ़, हरिद्वार, रुद्रपुर में मेडिकल कॉलेज बनाए जा रहे हैं। मैं केदारनाथ धाम पुनर्निमार्ण कार्य का जायजा लेता रहता हूं। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन से उत्तराखंड को लाभ मिलेगा। देहरादून हवाई अड्डे की क्षमता को बढ़ाया गया है। 

उन्होंने कहा कि 2019 में जल जीवन मिशन शुरू होने से पहले उत्तराखंड के सिर्फ 1 लाख 30 हजार घरों में ही नल से जल पहुंचता था। आज उत्तराखंड के 7 लाख 10 हजार से ज्यादा घरों में नल से जल पहुंचने लगा है। यानि सिर्फ 2 वर्ष के भीतर राज्य के करीब-करीब 6 लाख घरों को पानी का कनेक्शन मिला है। देश की सुरक्षा में उत्तराखंड की विशेष भूमिका है। उत्तराखंड में हवाई सेवाओं के लिए ढांचागत व्यवस्थाएं तैयार की जा रहीं हैं। सरकार की सभी योजनाओं का लाभ उत्तराखंड के लोगों को भी होगा। चारधाम को जोड़ने वाली ऑल वेदर रोड पर तेजी से काम चल रहा है। चारधाम परियोजना देश और दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बहुत बड़ी सुविधा तो बन ही रही है, साथ ही गढ़वाल और कुमाऊं के चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों को भी आपस में जोड़ रही है। हमारी सरकार, हर फौजी, हर पूर्व फौजी के हितों को लेकर भी पूरी गंभीरता से काम कर रही है। ये हमारी ही सरकार है जिसने वन रैंक वन पेंशन को लागू करके अपने फौजी भाइयों की 40 साल पुरानी मांग पूरी की। इसके बाद उन्होंने सभी का हाथ जोड़कर अभिवादन किया और मंच से चले गए।
इससे पहले धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शॉल भेंट कर उत्तराखंड आने पर उनका स्वागत किया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि उत्तराखंड में 95 प्रतिशत पहली डोज का टीकाकरण हो चुका है।

संयुक्त किसान मोर्चा ने किया मोदी का विरोध : उधर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान डोईवाला में संयुक्त किसान मोर्चा ने लखीमपुर हिंसा को लेकर जुलूस निकाला। उन्होंने मोदी के उत्तराखंड आगमन का विरोध किया। इस दौरान काली पगड़ी, टोपी और पट्टी बांध कर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में तजेंद्र सिंह, बलबीर सिंह, गुरदीप सिंह, सुरेंद्र खालसा, शाहिद अंजुम, फुरकान आदि मौजूद थे। इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट, विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत, तीरथ सिंह रावत, अन्य कैबिनेट मंत्री, सांसद, विधायक आदि उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here