मध्य प्रदेश में कमलनाथ की कुर्सी पर ‘कमल’ से संकट

भोपाल। मध्य प्रदेश में मंगलवार देर रात चले सियासी ड्रामे में कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी पर अपने 8 विधायकों को तोड़ने की साजिश का आरोप लगाया। राज्य में सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी ने कहा कि सरकार गिराने की साजिश के तहत 8 विधायकों को गुडगाँव के एक पांच सितारा होटल में ले जाया गया है। वहीँ उच्च शिक्षा मंत्री जीतू पटवारी ने कहा कि इस साजिश में मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शामिल हैं। इससे पहले सोमवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भी यही आरोप लगाया था। उन्होंने दावा किया था कि शिवराज सिंह चौहान और भाजपा के एक अन्य वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा 25-35 करोड़ रुपये देकर कांग्रेस के विधायकों को लुभाने की कोशिश कर रहे हैं। उधर, भाजपा ने कांग्रेस के सभी आरोपों को खारिज कर दिया है।
सूत्रों के अनुसार इन विधायकों में से 4 फिलहाल वापस आ गए हैं। वहीँ दिग्विजय सिंह का कहना है कि बाकी चार विधायकों को भाजपा ने अब बेंगलुरु भेज दिया है लेकिन वे सब भी लौट आएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि मध्य प्रदेश की सरकार सुरक्षित थी, है और रहेगी। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी कहा है कि स्थिति नियंत्रण में है। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here