‘रेप का मजा लो’ वाले बयान पर घिरे कांग्रेस एमएलए, मांगी माफी

बेंगलुरु। कर्नाटक विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक के आर रमेश कुमार के ‘रेप को एन्जॉय करो’ वाले विवादित बयान को लेकर अब बुरी तरह घिर गए हैं। उनकी पार्टी कांग्रेस भी उनसे नाराज है। कांग्रेस ने विधायक रमेश कुमार को लताड़ लगाई है। कांग्रेस ने विधायक के बयान को घोर निंदनीय और असंवेदनशील बताते हुए इसे खारिज किया है। कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा कि वह कर्नाटक विधानसभा स्पीकर और वरिष्ठ कांग्रेस विधायक के बीच हुए घोर आपत्तिजनक और असंवेदनशील मजाक से असहमत है। वहीं उनकी ही पार्टी की महिला विधायकों ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस विधायक डॉ. अंजली निम्बालकर ने सोशल मीडिया पर इसका वीडियो शेयर करते हुए सदन से महिलाओं से माफी मांगने की मांग की है। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने विधायक को पार्टी से निष्कासित करने की मांग की है। उन्होंने कहा, ‘विधानसभा जो महिला को संरक्षित करने का संकल्प लेती है उस धरा पर कांग्रेस नेता ने जो बयान दिया है वो शर्मनाक है। कांग्रेस का वो नेतृत्व जो उत्तर प्रदेश में कहता है मैं लड़की हूं लड़ सकती हूं। तो पहले कांग्रेस इस नेता को अपनी पार्टी से निष्काषित करें।’
हालांकि विवाद बढ़ने के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक केआर रमेश कुमार ने माफी मांग ली। इसके साथ ही उन्होंने सफाई पेश करते हुए कहा कि मेरा इरादा इस जघन्य अपराध को मामूली या हल्का बनाना नहीं था। रमेश कुमार ने ट्वीट किया, ‘‘मैं आज विधानसभा में ‘बलात्कार’ को लेकर की गई अपनी असंवेदनशील और लापरवाही पूर्ण टिप्पणी के लिए सभी से ईमानदारी से माफी मांगना चाहता हूं। मेरा इरादा इस जघन्य अपराध को मामूली या हल्का बनाना नहीं था, बल्कि बिना सोचे समझे की गई टिप्पणी थी। मैं अब से अपने शब्दों को सावधानी से चुनूंगा।’’
दरअसल कर्नाटक विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और कांग्रेस विधायक केआर रमेश कुमार ने महिलाओं को लेकर बेहद ही आपत्तिजनक और असंवेदनशील टिप्पणी की है। उन्होंने विधानसभा में कहा है कि “जब बलात्कार को रोका नहीं जा सकता तो लेटिए और मजे लीजिए”। हैरानी वाली बात यह है कि कांग्रेस विधायक की इस टिप्पणी पर विधानसभा अध्यक्ष विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी आपत्ति जताने के बजाय इस पर ठहाके लगाकर हंसने लगे।

पहले भी दे चुके हैं ऐसा बयान
ये पहली बार नहीं है जब रमेश कुमार ने इतनी असंवेदनशील टिप्पणी की है। फरवरी 2019 में जब रमेश कुमार विधानसभा के अध्यक्ष थे तो उन्होंने कहा था कि वो ‘रेप विक्टिम’ की तरह महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा था, ‘मेरी स्थिति एक बलात्कार पीड़िता की तरह हो गई है। बलात्कार एक बार होता है। अगर आपने इसे वहीं छोड़ दिया तो ये वहीं बीत जाता है। लेकिन जब आप शिकायत करते हैं कि आपके साथ दुष्कर्म हुआ है तो आरोपी को जेल में डाल दिया जाता है। उसके वकील पूछते हैं कि ये कैसे हुआ? कब हुआ और कितनी बार हुआ? दुष्कर्म एक बार होता है लेकिन कोर्ट में ये 100 बार होता है। ऐसी ही मेरी स्थिति है”।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here