आईपीएल मेगा ऑक्शन : 29 घंटे में बिके 133 खिलाड़ी, यू 19 स्टार बावा को पंजाब ने 2 करोड़ में खरीदा

बेंगलुरु। आज रविवार को आईपीएल 2022 के मेगा ऑक्शन दूसरे दिन भी यहां जारी है। बोली लगा रही 10 फ्रेंचाइजियों ने अब तक 133 खिलाड़ियों को खरीदा है। दूसरे दिन इंग्लैंड के ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टोन 10 से ज्यादा करोड़ में बिकने वाले पहले खिलाड़ी बने। उनको खरीदने के लिए पंजाब और हैदराबाद के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली।
ऑक्शन के दूसरे दिन आज रविवार को कई दिग्गज खिलाड़ियों के लिए अच्छा नहीं रहा। ऑस्ट्रेलिया को टी-20 वर्ल्ड कप दिलाने जिताने वाले एरोन फिंच, इंग्लैंड के वनडे और टी20 टीम के कप्तान ओएन मॉर्गन दोनों को कोई खरीदार नहीं मिला और वो अनसोल्ड रहे। चेतेश्वर पुजारा को भी कोई खरीदार नहीं मिला।
ऑक्शन के पहले दिन हुई नीलामी में 10 फ्रेंचाइजियों के पास 563.50 करोड़ की रकम थी और 600 खिलाड़ियों पर बोली लगाई जानी थी। इनमें से 97 पर बोली लगाई गई और 74 खिलाड़ी बिके। 10 टीमों के बाद अब 173.40 करोड़ का बजट बचा है। ऑक्शन के पहले दिन सबसे ज्यादा बोली विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन पर लगी। उन्हें मुंबई इंडियंस ने 15.25 करोड़ में खरीदा। वे अब तक आईपीएल सीजन-15 के सबसे महंगे खिलाड़ी बने हैं। पिछले सीजन में ईशान की सैलरी 6.2 करोड़ थी और वो मुंबई के ही टीम से जुड़े थे। इस बार उन्हें पिछली बार से करीब ढाई गुना ज्यादा राशि मिली है।
ऑक्शन में 2 करोड़ बेस प्राइज के मार्की खिलाड़ी में सबसे महंगे श्रेयस अय्यर रहे। उन्हें कोलकाता की टीम ने 12.25 करोड़ में खरीदा। पिछले सीजन अय्यर दिल्ली की टीम में थे और उनकी सैलरी 7 करोड़ थी। पिछले साल के मुकाबले इस साल उन्हें 5.25 करोड़ रुपए का फायदा हुआ।
पहले दिन आवेश खान को लखनऊ टीम ने 10 करोड़ रुपए में खरीदा है। इसके साथ ही वह आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे अनकैप्ड (एक भी अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेलने वाले) खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने ऑलराउंडर कृष्णप्पा गौतम को पछाड़ा जो आईपीएल 2021 की नीलामी में 9.25 करोड़ के साथ सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी बने थे।
पिछले आईपीएल सीजन में आवेश ने 24 विकेट चटकाए थे और सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज रहे थे। लखनऊ से पहले आवेश आरसीबी और दिल्ली के लिए खेल चुके हैं। 2017 में बेंगलुरु ने आवेश को 10 लाख रुपए में खरीदा था। वहीं 2018 में दिल्ली कैपिटल्स ने आवेश को 75 लाख में खरीदा था। अभी तक 25 वर्षीय इस तेज गेंदबाज ने कुल 25 मैच खेले हैं और 25.83 की औसत के साथ 29 विकेट चटकाए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here