‘महायोगी’ के धाम केदारनाथ में योग की धूम, 500 श्रद्धालुओं ने किया योगाभ्यास!

रुद्रप्रयाग। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2022 के मौके पर चारधाम में शुमार विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में भी योगाभ्यास किया गया। इस दौरान साधकों ने केदारनाथ मंदिर परिसर में योग किया। इसमें केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने भी शिकरत की और योग कर लोगों को फिट रहने का संदेश दिया। उनके साथ आईटीबीपी के जवानों और तीर्थयात्रियों ने भी योगाभ्यास किया।

उत्तराखंड में इन दिनों चारधाम यात्रा चल रही है। दुनिया के पहले महायोगी शिव के धाम में भी तीर्थयात्रियों का सैलाब उमड़ा हुआ है। दो दिन पहले ही धाम में बर्फबारी और बारिश हुई थी।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर केदारनाथ धाम में पुरोहितों सहित यात्रियों ने योग किया। केंद्र सरकार ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर देश भर में 75 स्थानों में होने वाले योग कार्यक्रम के लिए केदारनाथ को भी चयनित किया है। इस दौरान करीब 500 श्रद्धालुओं ने योगाभ्यास किया।

दरअसल, 21 जून को उत्तरी गोलार्द्ध का सबसे लंबा दिन होता है, जिसे लोग ग्रीष्म संक्रांति भी कहते हैं। भारतीय परंपरा के मुताबिक, ग्रीष्म संक्रांति के बाद सूर्य दक्षिणायन होता है। माना जाता है कि सूर्य के दक्षिणायन का समय आध्यात्मिक सिद्धियां प्राप्त करने के लिए फायदेमंद है। इसी वजह से 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जाने लगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here