देश में फिर कोरोना का कहर, एक दिन में आए 2500 से ज्यादा मामले

नई दिल्ली। देश में कोरोना महामारी के रफ्तार एकबार फिर से बढ़ती हुई दिख रही है। बढ़ते संक्रमण ने आम लोगों के साथ-साथ सरकार की भी चिंता बढ़ा दी है। अगर यह रफ्तार जारी रही तो एक नई लहर की चपेट में देश फिर से आ सकता है। वहीं कई राज्यों में एक बार फिर से मास्क को अनिवार्य कर दिया गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी शनिवार के आंकड़े के अनुसार बीते 24 घंटों में कोरोना के 2527 मामले सामने आए हैं जिसने की लोगों की चिंता बढ़ा दी है। इस दौरान 33 लोगों की मौत भी हुई। हालांकि, 1,656 लोग डिस्चार्ज भी हुए। देश में सक्रिय मरीज की संख्या भी बढ़कर 15,079 हो गई जो कि चिंता का विषय है। महामारी की शुरुआत से लेकर अब तक कुल 5,22,149 लोगों की मौत हुई है। वहीं इस दौरान कुल 4,25,17,724 लोग स्वस्थ भी हुए। बता दें कि शुक्रवार को स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों में बीते 24 घंटे में 2451 नए संक्रमित मिले थे और 54 लोगों की मौत हो गई थी। आज के आंकड़े को देखा जाए तो इसमें 76 संक्रमितों की वृद्धि हुई है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना के मामले एक बार फिर से बढ़ने लगे हैं। दिल्ली में बीते 24 घंटों में कोरोना के 1,042 नए मामले सामने आए हैं। वहीं इस जानलेवा वायरस की चपेट में आने के कारण दो लोगों की जान चली गई। दिल्ली में वर्तमान में संक्रमण दर 4.64 फीसदी हो गई है। महाराष्ट्र में बीते 24 घंटों में कोरोना के 121 नए मामले सामने आए हैं और एक भी मौत नहीं हुई है। वहीं मुंबई की बात करें तो यहां बीते 24 घंटों में कोरोना के 68 नए मामले मिले हैं। बता दें कि शुक्रवार के आंकड़ों के अनुसार महाराष्ट्र में बीते 24 घंटों में 179 मामले सामने आए थे। भारत में बड़े पैमाने पर टीकाकरण अभियान चलाए जा रहे हैं। अभी तक वैक्सीन की 187.46 खुराक लोगों को दी जा चुकी है। इसमें पहली, दूसरी और बूस्टर डोज तीनों के आंकड़े शामिल हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here