चुनावी जंग में दिखा जिन्ना का ‘भूत’, मचा बवाल!

सियासत की बिसात 

  • कांग्रेस नेता शत्रुघ्न बोले- देश की तरक्की और आजादी में मोहम्मद अली जिन्ना का भी योगदान
  • भाजपा नेता मनोज तिवारी ने की कड़ी प्रतिक्रिया, कहा – जो लोग जिन्ना पर गर्व कर रहे हैं वो देश का क्या हाल करेंगे

छिंदवाड़ा। लोकसभा चुनाव की जंग में जिन्ना का ‘भूत’ उतर आया है। भाजपा से बगावत कर कांग्रेस में शामिल हुए प्रसिद्ध अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के सौसर में एक चुनावी जनसभा में कहा कि देश की आजादी और तरक्की में मोहम्मद अली जिन्ना का भी सबसे बड़ा योगदान है। शॉटगन के इस बयान पर भाजपा नेता और उत्तर-पूर्वी दिल्ली से उम्मीदवार मनोज तिवारी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। तिवारी ने कहा कि जो लोग जिन्ना पर गर्व कर रहे हैं वो देश का क्या हाल करेंगे, यह भी विचार करने वाली बात है। वहीं कांग्रेस नेता चिदंबरम ने कहा कि यह तो भाजपा को बताना चहिए कि वह अब तक उनकी पार्टी में क्यों थे?
शत्रुघ्न ने कहा, ‘यह कांग्रेस परिवार महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, सरदार वल्लभ भाई पटेल, मोहम्मद अली जिन्ना, जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, राहुल गांधी तक की पार्टी है, जिनका देश की तरक्की में और देश की आजादी में सबसे बड़ा योगदान हुआ इसलिए हम यहां (कांग्रेस में) आए।’
इस बारे में जब कांग्रेस नेता चिदंबरम से पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘शत्रुघ्न सिन्हा के जो भी विचार हैं, उन्हें उनकी व्याख्या करनी चाहिए, लेकिन कुछ दिनों पहले तक वह भाजपा का हिस्सा थे। इसलिए भाजपा को बताना चाहिए कि वह इतने समय तक उनकी पार्टी में क्यों थे। मुझे कांग्रेस के हर सदस्य के बयान पर सफाई नहीं देनी है। मैं सिर्फ पार्टी की आधिकारिक स्थिति पर ही बात रख सकता हूं।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here