‘राष्ट्रवादी हैं तो देश की बात कीजिए’

  • प्रियंका ने मोदी पर साधा निशाना, कहा— चुनाव के वक्त पाकिस्तान की बात मत करिए’
  • पांच साल में ‘अच्छे दिन आने वाले हैं’ से चौकीदार चोर तक पहुंचे मोदी : राहुल 

फतेहपुर सीकरी। लोकसभा चुनाव के प्रचार के दौरान जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कांग्रेस पर हमला करने का कोई मौका नहीं चूक रहे हैं। वहीं कांग्रेस भाजपा और मोदी को निशाना बनाने में मशगूल हैै। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर सीकरी में राहुल और प्रियंका दोनों ने जमकर मोदी सरकार की नीतियों और प्रचार के तरीके पर सवाल दागे। राहुल गांधी ने कहा कि पांच सालों में पीएम ‘अच्छे दिन आने वाले हैं’ के नारे से ‘चौकीदार चोर है’ तक पहुंच गए हैं। उन्होंने कोई भी चुनावी वादा पूरा नहीं किया। वहीं प्रियंका गांधी ने भी मोदी के राष्ट्रवाद पर जमकर प्रहार किये।
प्रियंका गांधी ने मोदी पर निशाना साधते हुए उनके राष्ट्रवाद पर सवाल उठाये। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान करना बंद करें। अगर मोदी राष्ट्रवादी हैं तो राष्ट्र की बात कीजिए। हिंदुस्तान के किसानों, नौजवान, महिलाओं की बात कीजिए, चुनाव के समय पाकिस्तान की बात मत कीजिए। आप देश के युवाओं की आवाज क्यों नहीं सुनते? जनता की बात क्यों नहीं सुनते? उनकी आवाज क्यों दबाते हैं? आप बताइए कि जनता के लिये क्या किया। असली राष्ट्रवादी सत्य के मार्ग से नहीं भटकता है। राष्ट्र की बात करें। बयानों में राष्ट्र का जिक्र क्यों नहीं करते, क्यों पाकिस्तान पर बयान देते रहते हैं। 
इसके बाद राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 लाख हर व्यक्ति के खाते में डालने का वादा किया था, उसका क्या हुआ? युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था, उसका क्या हुआ? गत चुनाव के दौरान उन्होंने गरीब-किसान-नौजवान के लिए ‘अच्छे दिन आने वाले हैं’ का नारा दिया था और आज उनके लिए ‘चौकीदार चोर है’ का नारा दिया जा रहा है। पांच सालों में उनका यही सफर है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here