भाजपा ने 6 माह में 5 मुख्यमंत्री बदले, अब छठे की बारी!

 डगर सियासत की

  • भाजपा आलाकमान ने हिमाचल के सीए जयराम ठाकुर को दिल्ली किया तलब
  • प्रदेश के पदाधिकारियों समेत दिल्ली में बैठक आज शाम, सीएम बदलने की चर्चायें

शिमला। आज मंगलवार को हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को हाईकमान ने दिल्ली बुलाया है। उनके साथ प्रदेश भाजपा के पदाधिकारियों को भी बुलाया गया है। जिससे हिमाचल के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं शुरू हो गई हैं, क्योंकि रविवार को ही मुख्यमंत्री दिल्ली से लौटे थे। गुजरात के मुख्यमंत्री के इस्तीफा देने के बाद हिमाचल में भी चर्चाओं का बाजार गर्म है।
दिल्ली में भाजपा हाईकमान के साथ मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और भाजपा पदाधिकारियों की आज शाम बैठक होगी। इसमें प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, संजय टंडन, संगठन मंत्री पवन राणा और हिमाचल भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप मौजूद रहेंगे। कयास लगाए जा रहे हैं कि इस बैठक में प्रदेश के राजनीतिक हालात और आने वाले उपचुनाव को लेकर चर्चा होगी।
भाजपा में जारी राजनीतिक उठापटक के बीच कांग्रेस नेताओं को भी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को घेरने का मौका मिल गया है। वह यहां तक कह रहे हैं कि मुख्यमंत्री को दिल्ली बुलाए जाने का कारण उन्हें हटाया जाना है। कुल्लू में जन आक्रोश रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य ने कहा कि कर्नाटक, गुजरात, उत्तराखंड, राज्यों की तरह हिमाचल में भी भाजपा रातों-रात मुख्यमंत्री को बदल सकती है।
पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह का कहना है कि जिस तरह से प्रदेश में पिछले दिनों आशीर्वाद रैली निकाली गई, उससे संकेत मिला है कि सीएम को बदला जा सकता है। आशीर्वाद रैली सीएम को कमजोर दिखाने की योजना थी। ऐसे में प्रदेश में भी नया मुख्यमंत्री बनने के आसार नजर आ रहे हैं। नाकामी का सारा ठीकरा जयराम ठाकुर के सिर फोड़ा जा रहा है।
इससे पहले 8 सितंबर को जयराम ठाकुर दिल्ली दौरे पर गए थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की थी। भाजपा से जुड़े सूत्रों के मुताबिक 2022 में हिमाचल में विधानसभा चुनाव है और भाजपा मिशन रिपीट पर काम कर रही है। इस चुनाव में जगत प्रकाश नड्‌डा की साख दांव पर है, क्योंकि वह खुद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और हिमाचल उनका गृह राज्य है। ऐसे में राज्य में पार्टी की हार और जीत से सीधे तौर पर उनकी प्रतिष्ठा जुड़ी हुई है। पिछली बार जब मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर दिल्ली गए थे तो वहां भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा से उनकी मुलाकात नहीं हो सकी। ऐसे में अब उन्हें एकाएक ही दिल्ली बुलाया गया है।
दिल्ली में भाजपा की नेशनल लेवल की बैठक है। इसमें देशभर से पार्टी के पदाधिकारी पहुंच रहे हैं। इस बैठक में हिमाचल भाजपा के अध्यक्ष सुरेश कश्यप भी पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बैठक में भाग लेने की बजाय सीधे नड्‌डा से ही मिलेंगे। हिमाचल में दीवाली के बाद चार उप चुनाव हैं। इसमें फतेहपुर, अर्की, जुब्बल-कोटखाई में विधानसभा का चुनाव और मंडी संसदीय क्षेत्र से सांसद का चुनाव होना है। यह उपचुनाव जीतना भी सरकार के लिए नाक का सवाल बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here