महाशिवरात्रि : हरिद्वार में गंगा स्नान पर भी लगी रोक

आस्था पर आपदा

  • लॉकडाउन के चलते पुलिस-प्रशासन ने शिवालयों में जलाभिषेक किया प्रतिबंधित 
  • पहले से ही सील सीमाओं पर पुलिस रखेगी पैनी नजर, हरिद्वार में धारा 144 लगाई 
  • सोमवार को होने वाले सोमवती अमावस्या स्नान पर पहले ही लगाई जा चुकी है रोक 

हरिद्वार। कोरोना महामारी को देखते हुए हरिद्वार में पुलिस-प्रशासन ने आज रविवार को सावन की महाशिवरात्रि पर शिवालयों में जलाभिषेक को भी प्रतिबंधित कर दिया है। स्थानीय श्रद्धालु भी शिवालयों में नहीं जा पाएंगे और न ही गंगा घाटों पर स्नान कर पाएंगे। पुलिस ने शहर में धारा 144 लागू कर दी है। साथ ही पहले से सील प्रदेश की सीमाओं पर पुलिस और पीएसी को सतर्कता बरतने को कहा गया है। वहीं दक्ष प्रजापति मंदिर में जलाभिषेक के लिए पहुंचीं साध्वी प्राची को भी पुलिस ने बाहर से ही लौटा दिया।
उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन पहले ही सोमवार को पड़ने वाले सोमवती अमावस्या पर गंगा स्नान पर रोक लगा चुका है। इसके तहत बाहरी प्रदेशों के साथ ही स्थानीय श्रद्धालुओं के लिए स्नान प्रतिबंधित है। अब सावन की महाशिवरात्रि पर आम श्रद्धालुओं के लिए शिवालयों में होने वाले जलाभिषेक पर भी रोक लगा दी गई है।
कोई भी श्रद्धालु शिवालयों तक नहीं पहुंच पाएगा। सभी शिवालयों के बाहर पुलिस तैनात कर दी गई है। शिवालयों और अन्य मंदिरों में केवल पुजारी ही पूूजा पाठ कर सकेंगे। एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय का कहना है कि जिले में रविवार को लॉकडाउन के चलते जलाभिषेक को प्रतिबंधित किया गया है।
जलाभिषेक का मुहूर्त सोमवार सुबह तक है, लेकिन सोमवार को भी जलाभिषेक की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने बताया कि सप्तऋषि चेक पोस्ट के साथ सीमा पर तैनात फोर्स को मुस्तैद रहने को कहा गया है। हरकी पैड़ी क्षेत्र समेत अन्य गंगा घाटों पर भी पुलिस फोर्स मुस्तैद रहेगा ताकि धारा 144 का उल्लंघन न होने पाए। 
एसएसपी डी सेंथिल अबूदई कृष्णराज एस ने बताया कि बाहरी राज्यों के श्रद्धालु हरिद्वार प्रवेश न कर पाएं, इसके लिए जरूरी कदम उठा दिए गए हैं। स्थानीय श्रद्धालु भी शिवालयों में जलाभिषेक नहीं कर पाएंगे और सोमवार को होने वाले गंगा स्नान को प्रतिबंधित कर दिया गया है। शिवालयों और गंगा घाटों पर फोर्स तैनात कर दी गई है। 
ज्योतिषाचार्य प्रतीक मिश्रपुरी का कहना है कि रविवार को आद्रा नक्षत्र में शिव चौदस होगी। इस दिन शिव का अभिषेक किया जा सकता है। विशेष मुहूर्त रात्रि 9.30 बजे से आधी रात 11.33 बजे तक है। इस दिन मिथुन लग्न में जलाभिषेक शुभ माना गया है, जो अगले दिन सोमवार सुबह सात बजकर 52 मिनट तक रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here