उत्तराखंड : बाइक की चाहत में दुल्हनिया से धोये हाथ!

लालच का फल

  • निकाह की रस्म के दौरान दूल्हे ने रखी बाइक की डिमांड, दुल्हन पक्ष ने पूरी बारात बनाई बंधक
  • बाद में समझाने पर दूल्हा बिना बाइक के ही निकाह को हुआ राजी तो दुल्हन ने किया शादी से इनकार

रुड़की। क्षेत्र में एक शादी का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। निकाह की रस्म के दौरान दूल्हे के दहेज में बाइक की डिमांड करने से नाराज दुल्हन पक्ष ने पूरी बारात को बंधक बना लिया। इसके बाद गांव में दोनों पक्षों के लोगों की पंचायत हुई, लेकिन दुल्हन ने दूल्हे के साथ जाने से इनकार कर दिया। बाद में बारात बिना दुल्हन के ही लौट गई।
मिली जानकारी के अनुसार कलियर थाना क्षेत्र के गांव नवादा निवासी एक युवती का रिश्ता सहारनपुर निवासी एक युवक से तय हुआ था। बीते मंगलवार को दूल्हे राजा बारात लेकर गांव पहुंचे थे। निकाह की रस्म के बीच में ही दूल्हे ने बाइक की मांग कर दी। इस पर दुल्हन पक्ष ने नाराजगी जताई। दूल्हा दहेज में बाइक मिलने पर ही निकाह की रस्म करने की जिद पर अड़ गया। इससे नाराज दुल्हन पक्ष और ग्रामीणों ने दूल्हे सहित पूरी बारात को बंधक बना लिया। इसे लेकर दोनों पक्षों में गहमागहमी और हाथापाई हो गई।
मामले की सूचना मिलते ही कलियर पुलिस गांव पहुंची और जानकारी ली। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के लोगों की समझौते को लेकर पंचायत हुई। बाद में दूल्हा बिना बाइक के ही निकाह करने को राजी हो गया, लेकिन दुल्हन ने शादी के लिए साफ इनकार कर दिया। काफी देर तक समझौते के प्रयास चलते रहे, लेकिन दुल्हन और उसके परिजनों ने उसे साथ भेजने से इनकार कर दिया। इसके बाद बारात बिना दुल्हन लिए ही बैरंग सहारनपुर लौट गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here