…तो मनमोहन सिंह अब लड़ेंगे चुनाव!

  • अमृतसर लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री के नाम पर विचार कर रही कांग्रेस
  • भाजपा अमृतसर के लिए मनमोहन सिंह का नाम सामने आने से दुविधा में घिरी

मनमोहन सिंह दो बार देश के प्रधानमंत्री रहे हैं, लेकिन उन्होंने इस दौरान एक बार भी लोकसभा का चुनाव नहीं लड़ा। इस बार चर्चा है कि उन्होंने लोकसभा का चुनाव लड़ने के लिये कमर कस ली है।
खबर है कि कांग्रेस अमृतसर लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नाम पर विचार कर रही है। वहीं पंजाब भाजपा अमृतसर के लिए मनमोहन सिंह का नाम सामने आने से दुविधा में घिर गई है। अब भाजपा चुनाव समिति अपने पैनल लिस्ट को रिव्यू करने पर मजबूर हो गई है। पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्वेत मलिक ने अभी से मनमोहन सिंह के अमृतसर के लिए योगदान पर सवाल खड़े कर दिए।
इससे पहले रविवार को पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ और राज्य मामलों की इंचार्ज आशा कुमार ने मनमोहन सिंह से अमृतसर से लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए कहा। खबर है कि तीनों नेताओं के बार-बार आग्रह के बावजूद मनमोहन सिंह ने तुरंत हामी नहीं भरी, लेकिन फिजाओं में यह चर्चा जो पकड़ रही है कि इस बार मनमोहन लोकसभा चुनाव में उतरकर स​बकी बोलती बंद कर देंगे।
गौरतलब है कि पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान इसी तरह अकाली दल के प्रमुख सुखबीर बादल ने अरुण जेटली को अमृतसर आकर नामांकन भरने के लिए और जीत सुनिश्चित करने के लिए कहा था। इस बार में कांग्रेस की अमृतसर जिलाध्यक्ष जतिंदर सोनिया ने कहा कि मनमोहन सिंह का नाम पूरे देश में विश्वसनीय है और वह पूरे देश से जुड़े हुए हैं। उनका नाम और उनका काम लोगों को उनके लिए वोट करने को काफी है। यह अमृतसर के लोगों के लिए गर्व का विषय होगा।
उल्लेखनीय है कि प्रसिद्ध अर्थशास्त्री मनमोहन सिंह का परिवार विभाजन के समय पाकिस्तान के गाह गांव से अमृतसर में आकर बस गया था। उन्होंने यहां हिंदू कॉलेज से पढ़ाई की। उनकी पार्टी इस बात को बखूबी जानती है कि अमृतसर से ऐसे प्रतिष्ठित सिख उम्मीदवार को चुनावी मैदान में उतारना खास मायने रखता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here