दुश्मनों पर भारी मिराज

भारतीय वायुसेना की ताकत 

  • करगिल युद्ध के दौरान मिराज द्वारा दागी गई लेजर गाइडेड मिसाइल ने दुश्मन के बंकरों को किया था जमींदोज
  • अपग्रेड मिराज मीका मिसाइलों से लैस, यह मिसाइल हवा से हवा और जमीन से हवा में हर दो सेकेंड में दुश्‍मन पर वार यह 2336 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से उड़ सकता है और यह प्रति मिनट दाग सकता है 125 राउंड गोलियां

गत मंगलवार को पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को ध्वस्त करने वाला लड़ाकू विमान अपने आप में खास है। फ्रांसीसी लड़ाकू विमान मिराज—2000 मीका मिसाइल से लैस है। इसे भारत में वज्र का नाम दिया गया है। मीका हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइल है। इसे हवा और जमीन दोनों जगहों से दागा जा सकता है। सिर्फ दो सेकेंड के अंतराल में छोड़ी जाने वाली इस मिसाइल का कोई मुकाबला नहीं है। यह विमान लेजर गाइडेड बम भी गिराने की क्षमता से लैस है। इसे वर्ष 1982 में विकसित किया गया था। भारतीय वायुसेना की जरूरतों के मुताबिक 51 मिराज विमानों के बेड़े में से दो विमान पहले ही अपग्रेड होने के लिए फ्रांस भेजे जा चुके हैं।
गौरतलब है कि डसॉल्ट मिराज—2000 लड़ाकू विमान वर्ष 1985 में भारतीय वायुसेना की नं-7 स्क्वाड्रन में शामिल किया गया था। करगिल युद्ध में इसने अपनी उपयोगिता साबित की थी। दुश्मनों के होश उड़ा देने वाला मिराज लड़ाकू विमान अब अपग्रेड होने के बाद और ज्यादा ताकतवर और घातक बन चुका है। वर्ष 1999 में करगिल युद्ध के दौरान मिराज द्वारा दागी गई लेजर गाइडेड मिसाइल ने दुश्मन के बंकरों को जमींदोज कर दिया था। भारतीय वायुसेना के पास मिराज के दो बेड़े हैं।
अपग्रेड मिराज—2000 विमान मीका मिसाइलों से लैस हैं। यह मिसाइल हवा से हवा और जमीन से हवा में हर दो सेंकेंड में दुश्‍मन पर वार कर सकता है। मिराज विमान 2336 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से उड़ सकता है। इसके साथ ही यह प्रति मिनट 125 राउंड गोलियां दाग सकता है और 18 रॉकेट प्रति मिनट दाग सकता है। इस विमान का वजन 75 कुंतल है। गोला बारूद सहित यह 138 कुंतल साजो सामान के साथ उड़ान भर सकता है।
भारत की कंपनी हिन्दुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड ने भी इन विमानों को वायुसेना की जरूरतों के मुताबिक अपग्रेड किया है। खास बात यह है कि एचएएल ने एफओसी के बाद मिराज में वायुसेना के जरुरतों के मुताबिक हथियार प्रणाली, सेंसर और इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर सिस्टम लगाया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here