उत्तराखंड : मूसलाधार बारिश से तमाम नदियां उफान पर

देहरादून। प्रदेशभर में घंटों से जारी मूसलाधार बारिश से तमाम नदियां उफान पर हैं। बरसाती नालों में भी पानी बढ़ गया है। ऋषिकेश और हरिद्वार में गंगा का जलस्तर बढ़ गया है। जिस कारण अलर्ट जारी किया गया है। गंगा, गोरी, शारदा, अलकनंदा, मंदाकिनी और नंदाकिनी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।
ऋषिकेश में लगातार बारिश जारी है। गंगा का जलस्तर 340.34 आरएल मीटर पर पहुंच गया है। गंगा खतरे के निशान से 18 सेंटीमीटर नीचे बह रही है। परमार्थ निकेतन स्वर्गाश्रम, त्रिवेणी और लक्ष्मण झूला के लगभग सभी गंगा घाट डूब गए हैं। मायाकुण्ड, चंद्रेश्वर नगर में पानी भर गया है। तपोवन नगर और मुनिकीरेती में आश्रमों और होटलों को अलर्ट जारी किया गया है। टिहरी, पौड़ी और ऋषिकेश प्रशासन लगातार मुनादी करवा रहा है। रायवाला के गौहरी माफी, प्रतीतनगर व श्यामपुर के खदरी माफी में लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा जा रहा है।
हरिद्वार से गंगा में 3.75 लाख क्यूसेक पानी छोड़ने से गंगा उफान पर
पहाड़ी व मैदानी इलाकों में हो रही बारिश के बाद शनिवार सुबह छह बजे हरिद्वार से गंगा में 3.75 लाख क्यूसेक पानी छोड़ने से गंगा उफान पर है। हरिद्वार में रात दो बजे से गंगा का जलस्तर बढ़ना शुरू हुआ। रात दो बजे गंगा में 2,15,698 क्यूसेक पानी आ गया। रात में ही यूपी सिंचाई विभाग ने भीमगौड़ा बैराज के सभी गेट खोल दिए। इसका पहले ही अलर्ट जारी हुआ था। पानी का जलस्तर आज शनिवार सुबह सबसे ज्यादा 3 लाख 92 हजार 104 क्यूसेक पहुंच गया था। पानी के साथ काफी मात्रा में सिल्ट आ रही है। फिलहाल हरिद्वार में जलस्तर बढ़ने से कोई नुकसान नहीं हुआ है। बैराज खोलने से गंगनहर का पानी बंद हो गया है। गंगनहर में यूपी के लिए 12 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था।
रुद्रप्रयाग जिले में शुक्रवार रातभर बारिश होती रही। रुद्रप्रयाग में रैतोली बाईपास पर पुराना बैली ब्रिज नदी में डूब गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 107 रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड मार्ग मलबा आने के कारण अवरुद्ध चल रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 58 ऋषिकेश-बदरीनाथ मार्ग सिरोहबगड़, नरकोटा एवं सम्राट होटल के मध्य यातायात हेतु अवरुद्ध चल रहा है।
टिहरी जिले में रात भर से लगातार बारिश हो रही है। फिलहाल नुकसान की कोई सूचना नहीं है। अगस्त्यमुनि में मंदाकिनी का जलस्तर उफान पर है। वलगातार बारिश से श्रीनगर में रात 2 बजे अलकनंदा खतरे के निशान को पार कर गई। आज शनिवार सुबह अलकनंदा का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे हो गया है।श्रीनगर में रात से विद्युत आपूर्ति ठप है। वहीं नदी में गाद आने से आज शनिवार को घरों में पानी नहीं आएगा।
विकासखंड बीरोंखाल में बीते 36 घंटे से लगातार मूसलाधार बारिश जारी है। बारिश से पूर्वी न्याय नदी उफान पर है और स्थिति खतरनाक बनी हुई है। यदि पंचपुरी मोटर पुल के पास पुस्ता उजड़ा तो बैजरो थैलीसैंण व जिला मुख्यालय का सम्पर्क रामनगर व कोटद्वार से कट जाएगा।
टनकपुर-चम्पावत मार्ग में किरोड़ा पुल से पहले सड़क पर पेड़ गिर गया। अग्निशमन विभाग की टीम ने पेड़ काटकर मार्ग खोला। टनकपुर-पूर्णागिरि मार्ग में किरोड़ा नाला भी उफना गया है।टनकपुर में शारदा नदी उफान पर है। टनकपुर के स्नान घाट में पानी चढ़ गया है। आसपास की आबादी को खतरा हो गया है। गौरी नदी से मदकोट-जौलजीबी सड़क भदेली में बह गई है, बंगापानी के समीप कई बस्तियां खतरे में आ गईं हैं। पिथौरागढ़-घाट सड़क चार स्थानों पर बंद है। चुपकोट बैंड, दिल्ली बैंड और घाट पुलिस चौकी सहित चार स्थानों पर मलबा आ गया है। मुनस्यारी-जौलजीबी सड़क तीन स्थानों पर बह गई है। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग स्वांला-धौन के पास बंद है। डीडीहाट में 24 घंटे से लगातार बारिश हो रही है।
नैनीताल में लगभग 36 घंटे से बारिश हो रही है।लगातार बारिश चलते भवाली-अल्मोड़ा एनएच में जौरासी के पास मलबा आने से यातायात ठप हो गया है। शिप्रा और कोसी नदी उफान पर है। चौखुटिया में लगातार रामगंगा का जलस्तर बढ़ रहा है।
नंदाकिनी नदी के उफान पर आने से घाट-सलबगड़ सड़क का करीब 20 मीटर हिस्सा बह गया, जिससे क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही ठप पड़ गई है। सड़क बह जाने से वादुक, गुलाड़ी, सितेल, पेरी, कनोल, आला, जोखना, गैरी, सीक, प्राणमति, तंगला, बूरा सहित क्षेत्र के करीब 20 गांवों का संपर्क कट गया है। सड़क के दोनों ओर वाहन फंसे हुए हैं। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here