नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली के महरौली में 6 महीने पुरानी हत्या के मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ। प्रेमी आफताब अमीन पूनावाला ने लिव इन पार्टनर और प्रेमिका श्रद्धा की हत्या कर उसके शव के 35 टुकड़े किए और उसे 18 दिन तक दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में ठिकाने लगाता रहा।
जानकारी के मुताबिक, आफताब और श्रद्धा नाम की युवती की दोस्ती मुंबई में एक कॉल सेंटर में काम के दौरान हुई थी। दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में तब्दील हो गई। परिवार का विरोध करने पर दोनों मुंबई से दिल्ली शिफ्ट हो गए और महरौली के एक फ्लैट में लिव इन में रहने लगे। वहीं टेक्निकल सर्विलांस की मदद से दिल्ली पुलिस आफताब की तलाश में जुट गई। जिसके बाद एक गुप्त सूचना के आधार पर आफताब को धर दबोचा।
साउथ दिल्ली के एडिशनल डीसीपी अंकित चौहान ने बताया, 18 मई को झगड़े के बाद आफताब ने श्रद्धा की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने उसकी बॉडी के 35 टुकड़े किए और उन्हें फ्रिज में रख दिया। पुलिस ने बताया कि वह हर रोज रात को 2 बजे घर से निकलता और टुकड़ों को दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में ठिकाने लगाता।
पुलिस के मुताबिक, आफताब ने शव के टुकड़े करने के लिए आरी का इस्तेमाल किया। उसने पहले उसके हाथो के तीन टुकड़े किए। इसके बाद पैर के भी तीन टुकड़े किए। इसके बाद रोज वह बैग में रखकर दो बजे शरीर के टुकड़े को एक-एक कर प्लास्टिक बैग में लेकर जाता था और फेंक कर आ जाता था।
वहीं 18 मई के बाद श्रद्धा ने परिवार का फोन उठाना बंद कर दिया। इससे चिंता हुई और पिता विकास मदान बेटी का हालचाल जानने 8 नवंबर को दिल्ली पहुंचे। जब वे इसके घर पहुंचे तो ताला लगा था। उन्होंने महरौली पुलिस में शिकायत की और बेटी के अगवा होने का आरोप लगाया।
पिता की शिकायत पर पुलिस ने आफताब को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। वह शादी के दबाव बना रही थी। इसलिए तंग आकर हत्या कर दी। अब पुलिस ने मर्डर का केस दर्ज कर श्रद्धा की बॉडी को सर्च करना शुरू कर दिया है।