आखिरकार दिल्ली में भी लगा वीकेंड कर्फ्यू!

  • शुक्रवार रात 10 से सोमवार सुबह 6 बजे तक पूरी दिल्ली में होगा लॉकडाउन

नई दिल्ली। कोरोना के बढ़ते मामलों ने आखिरकार दिल्ली सरकार को भी सख्त फैसला लेने पर मजबूर कर दिया। आज गुरुवार को सीएम केजरीवाल ने दिल्ली में वीकेंड कर्फ्यू का ऐलान कर दिया है।
लगातार बढ़ते मामलों के चलते आज गुरुवार को केजरीवाल और दिल्ली के उप-राज्यपाल अनिल बैजल के बीच अहम बैठक हुई। इसमें दिल्ली में संक्रमण रोकने के लिए सख्त कदम उठाने पर चर्चा हुई। बैठक के करीब आधे घंटे बाद केजरीवाल ने वीकेंड कर्फ्यू का ऐलान कर दिया।
वीकेंड कर्फ्यू शुक्रवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक लागू रहेगा। कर्फ्यू का फैसला इसलिए जरूरी हो गया था, क्योंकि 5 हफ्ते में दिल्ली में कोरोना के मामले 25 गुना बढ़ गए हैं। 11 मार्च से 17 मार्च तक यहां 2995 केस आए थे, जो 8 अप्रैल से 14 अप्रैल के बीच 76 हजार 870 तक पहुंच गए हैं।
पाबंदियों के बीच दिल्ली सरकार ने इस सीजन होने वाली शादियों का खयाल रखा है। कर्फ्यू के दौरान शादियों में शामिल होने के लिए ईपास दिए जाएंगे। दिल्ली में बुधवार को 17,282 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 9,952 लोग रिकवर हुए और 104 की मौत हो गई। अब तक यहां 7.67 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 7.05 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 11 हजार 540 मरीजों की जान चली गई। एक्टिव केस 50 हजार 736 हैं। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here