उत्तराखंड में लगातार बढ़ रहा डेंगू का प्रकोप, मरीजों की संख्या हुई 500 पार

देहरादून। उत्तराखंड में डेंगू का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। डेंगू के मरीजों की संख्या 500 के पार पहुंच गई है। देहरादून और हरिद्वार जिले में डेंगू के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। हालांकि अभी तक प्रदेश में डेंगू से कोई मौत नहीं हुई है। प्रभारी सचिव स्वास्थ्य डॉक्टर आर राजेश कुमार ने बताया कि डेंगू को फैलने से रोकने के लिए सभी जिलों को दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं। प्रदेश के पांच जिलों में अब तक डेंगू के मामले सामने आ चुके हैं।

आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2019 में डेंगू से पीड़ित मरीजों की संख्या सर्वाधिक रही, जिसमें उत्तराखंड में 10 हजार से अधिक लोग डेंगू से ग्रसित पाए गए. वहीं विशेषज्ञों के मुताबिक तीन साल के बाद डेंगू का प्रकोप बढ़ने की अधिक संभावना रहती है। प्रदेश में अब तक पांच जिलों में ही डेंगू के मामले सामने आए हैं। इसमें देहरादून जिले में अब तक 295, हरिद्वार में 123 मामले शामिल हैं।

वहीं सचिव स्वास्थ्य डॉ. आर. राजेश कुमार का कहना है कि सभी जिलों को डेंगू की रोकथाम व बचाव के लिए दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। सभी जिलों से रोकथाम व जागरूकता को लेकर रोजाना रिपोर्ट मांगी जा रही है। उन्होंने कहा कि डेंगू मरीजों के इलाज के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध है। सीएमओ को निर्देश दिए गए हैं कि किसी क्षेत्र में डेंगू का मामला सामने आता है तो आसपास के क्षेत्र में रहने वाले लोगों की एलाइजा जांच की जाए।

प्रदेश में अब तक डेंगू के मामले

जिला           डेंगू मरीजों की संख्या
देहरादून           295
हरिद्वार             123
पौड़ी                 69
टिहरी                22
नैनीताल             08
कुल-                517

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here