दून : मृतक गर्भवती महिला निकली कोरोना पॉजिटिव!

खतरे की बढ़ रही रफ्तार

  • सब्जी मंडी में मिले कोरोना संक्रमित विक्रेता के पिता की रिपोर्ट भी कोरोना की पुष्टि  
  • सात माह की गर्भवती महिला के पति और भाई को भी अस्पताल में किया भर्ती
  • अब राज्य के सभी जिलों में पहुंचा कोरोना, कुल मरीजों की संख्या 246 तक पहुंची

देहरादून। राजकीय दून मेडिकल अस्पताल में बीते शनिवार को हुई कोरोना संदिग्ध गर्भवती महिला की मौत के बाद उसकी रिपोर्ट आज रविवार को पॉजिटिव आई है। उधर, बताया जा रहा है कि दून की मंडी में मिले कोरोना संक्रमित सब्जी विक्रेता के पिता की रिपोर्ट में भी कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।
दून मेडिकल अस्पताल के डिप्टी एमएस और कोरोना के स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. एनएस खत्री ने आज रविवार को इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद अब महिला के पति और भाई को भी अस्पताल में भर्ती किया गया है। दोनों के सैंपल भी कोरोना की जांच के लिए भेज दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि महिला का अंतिम संस्कार किस तरह से किया जाएगा, यह अब जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा तय किया जाएगा। डॉ. खत्री ने बताया कि यूपी के शामली के अरशद चौक निवासी 38 वर्षीया महिला को गत 20 मई को पटेलनगर स्थित एक अस्पताल से रेफर कर दून अस्पताल भर्ती किया गया था। वह सात माह की गर्भवती थी। उसको दस दिन से खांसी की भी दिक्कत थी और लगातार दौरे पड़ रहे थे।
आईसीयू में उपचार के दौरान शनिवार शाम को उसकी मौत हो गई थी। महिला का कोरोना जांच के लिए सैंपल पहले ही भिजवा दिया गया था। जिसकी रिपोर्ट आज रविवार को पॉजिटिव आई है।
गौरतलब है  कि उत्तराखंड में शनिवार को एक ही दिन में 91 कोरोना मरीज सामने आए थे। एक ही दिन में इतने मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग में भी हड़कंप मच गया है। अब राज्य में कुल मरीजों की संख्या 246 हो गई है। वहीं अब राज्य का कोई भी जिला कोरोना संक्रमण से अछूता नहीं रह गया है।
पहाड़ के सभी जिलों में कोरोना की दस्तक
जिला          संक्रमित मरीज
नैनीताल          57  
उत्तरकाशी      10
अल्मोड़ा           07
चंपावत            07
टिहरी              06
बागेश्वर           06
पौड़ी                06
रुद्रप्रयाग          03
पिथौरागढ़         02
चमोली             01

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here