मुख्यमंत्री ने किया कार्बेट फुटबॉल क्लब उत्तराखण्ड का लोकार्पण

  • पारम्परिक खेलों को बढ़ावा देने के भी किये जायेंगे प्रयास
  • पुलिस महकमे में जल्द खेल कोटे से होगी भर्ती

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार शाम मुख्यमंत्री आवास स्थित जनता मिलन हॉल में कार्बेट फुटबॉल क्लब उत्तराखंड का लोकार्पण किया। उन्होंने प्रदेश में क्रिकेट के साथ ही फुटबॉल के खेल को बढ़ावा देने के लिये एमिनिटी स्पोर्ट्स एकेडमी रूद्रपुर के प्रयासों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे प्रदेश के अधिक से अधिक बच्चे खेलों के प्रति आकर्षित हों इसके लिये खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले छात्रों को हर सम्भव सहायता उपलब्ध करायी जायेगी। इसके लिये कारगर खेल नीति तैयार की जा रही है। अब प्रदेश में किसी भी प्रतिभावान खिलाड़ी को अभावों से नहीं जूझना पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की खेल नीति के साथ ही ऊधमसिंह नगर में महिला स्पोर्टस कॉलेज तथा महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में खेल विश्व विद्यालय की स्थापना की जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि फुटबॉल पुरातन खेल है। क्रिकेट की भांति हमारे देश में फुटबाल भी प्रसिद्धि पाये इसके अब प्रयास हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने राज्य के पारम्परिक खेलों को भी बढ़ावा देने के साथ ही राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत व लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के प्रयासों पर भी बल देते हुए कहा कि इंडियन आयडल विजेता पवनदीप राजन को राज्य का पर्यटन एवं संस्कृति का ब्राण्ड एम्बेसडर बनाया गया है। खेल मंत्री अरविन्द पाण्डेय ने कहा कि खिलाडियों की समस्याओं के समाधान तथा खेलों के विकास पर ध्यान दिया जा रहा है, इसके लिये शीघ्र ही राज्य की नई खेल नीति सबके सामने होगी। उन्होंने कहा कि खेलों के विकास के लिये विकास खण्ड स्तर से लेकर जिला स्तर तक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाडियों को पुरस्कार भी प्रदान किये जा रहे हैं। पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने कहा कि फुटबॉल दुनिया का सबसे पसन्दीदा खेल है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर शीघ्र ही पुलिस में खेल कोटे से भर्ती की जायेगी। एमिनिटी स्पोटर्स एकेडमी के निदेशक सुभाष अरोड़ा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके द्वारा क्रिकेट के साथ ही फुटबाल के खेल के प्रति विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फुटबॉल हमारे राज्य की पहचान बने इसके लिये वे प्रयासरत रहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here