…तो प्रियंका के आने का इंतजार कर रहा था जर्जर पेड़!

नियति का खेल

  • आईएमए के पास चलती कार पर भरभरा कर गिरा भारी भरकम पेड़ बना महिला का काल
  • प्रियंका गुप्ता (36) पत्नी नितिन निवासी संचार विहार, वसंत विहार ने दम तोड़ा
  • प्रियंका के पति नितिन और उनकी सात साल की बेटी हुए घायल, अस्पताल में भर्ती

देहरादून। शुक्रवार देर रात इंडियन मिलिट्री एकेडमी (आईएमए) के पास चलती कार पर अचानक एक पेड़ गिर गया। इस हादसे में महिला की मौत हाे गई। जबकि महिला का पति और बेटी घायल हो गए। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे खड़ा पेड़ दीमक लगने के कारण काफी कमजोर हो चुका था।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार की देर रात कैंट थाना क्षेत्र के तहत आईएमए के पास यह हादसा हुआ। देर रात प्रेमनगर से एक कार शहर की ओर आ रही थी। तभी अचानक सड़क किनारे खड़ा भारी-भरकम पेड़ कार पर गिर गया। इससे पहले कार में बैठा परिवार कुछ समझ पाता, पेड़ ने उनकी कार को अपनी चपेट में ले लिया जिससे उसमें बैठे पति पत्नी और उनकी बेटी घायल हो गए। इसे नियति का खेल ही कहा जाएगा कि चलती कार में पिछली सीट पर बैठी प्रियंका की मौत इस तरह अप्रत्याशित दुर्घटना में हुई। सूचना मिलते ही कैंट कोतवाली से इंस्पेक्टर संजय मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को सिनर्जी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि प्रियंका कार की पिछली सीट पर बैठी थी। उसकी पहचान प्रियंका गुप्ता (36) पत्नी नितिन निवासी संचार विहार, वसंत विहार के रूप में हुई। एसपी सिटी श्वेता चौबे ने बताया कि कार में सवार प्रियंका के पति नितिन और उनकी सात साल की बेटी घायल हुए हैं। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here