भारत में कोरोना के सारे रिकॉर्ड टूटे!

  • देश में एक दिन में ही मिले 3.15 लाख केस, बुधवार को रिकॉर्ड 2,101 लोगों ने दम तोड़ा

नई दिल्ली। भारतवासियों को डराने वाली खबर आ रही है। कोरोना के नए मरीजों के मामले में भारत अमेरिका से भी आगे निकल गया है। देश में पहली बार एक दिन में रिकॉर्ड 3 लाख 15 हजार 552 लोग संक्रमित पाए गए। अब तक किसी एक देश में एक दिन के अंदर मिले मरीजों का यह आंकड़ा सबसे अधिक है। इसके पहले अमेरिका में सबसे ज्यादा 8 जनवरी को 3 लाख 7 हजार लोग पॉजिटिव पाए गए थे।
एक दिन में अब तक की सबसे ज्यादा मौतें : मौतों के मामले में भी पिछले दो दिनों से डराने वाले आंकड़े सामने आ रहे हैं। बुधवार को रिकॉर्ड 2,101 लोगों ने दम तोड़ दिया। मौतों का यह आंकड़ा अब तक का सबसे ज्यादा है। इससे पहले मंगलवार को 2,021 मौतें दर्ज की गई थीं। पूरी दुनिया में ब्राजील के बाद भारत इकलौता देश है जहां एक दिन में इतनी मौतें हो रही हैं। बाकी सभी देशों में एक हजार से कम ही लोग जान गंवा रहे हैं। ब्राजील में एक से दो हजार मौतें हो रहीं हैं।
24 घंटे में रिकॉर्ड 1.33 लाख एक्टिव केस बढ़े : बीते बुधवार को देश में एक्टिव केस बढ़ने का भी रिकॉर्ड आंकड़ा सामने आया। एक दिन में 1.33 लाख एक्टिव केस बढ़े। इसके पहले सबसे ज्यादा 18 अप्रैल को 1.29 लाख और मंगलवार को 1.25 लाख एक्टिव केस बढ़े थे। अब पूरे देश में 22.84 लाख मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है। इन्हें ही एक्टिव केस कहा जाता है। हालांकि, 1.79 लाख लोग ठीक भी हुए। ये भी एक दिन में अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है।

देश में कोरोना महामारी का हाल बेहाल

बीते 24 घंटे में नए केस आए              :  3.15 लाख
बीते 24 घंटे में मौत                          :  2,101
बीते 24 घंटे में ठीक हुए                     :  1.79 लाख
अब तक संक्रमित हो चुके                   :  1.59 करोड़
अब तक ठीक हुए                              :  1.34 करोड़
अब तक कुल मौत                             :  1.84 लाख
अभी इलाज करा रहे मरीज                  :  22.84 लाख
बीते बुधवार को महाराष्ट्र में 67,468, उत्तर प्रदेश में 33,106, दिल्ली में 24,638, कर्नाटक में 23,558, केरल में 22,414, राजस्थान में 14,622, छत्तीसगढ़ में 14,519, मध्य प्रदेश में 13,107, गुजरात में 12,553, बिहार में 12,222, तमिलनाडु में 11,681, पश्चिम बंगाल में 10,784 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here