कोरोना : दुनियाभर में मौतों का आंकड़ा एक लाख पार

खतरे की घंटी

  • अमेरिका में 24 घंटे में 2,034 लोगों की मौत और अब तक 18 हजार 719 लोगों ने गंवाई जान
  • ब्राजील में एक हफ्ते में तीन गुना जान गई; फ्रांस में 24 घंटे में 987 लोगों ने दम तोड़ा

वॉशिंगटन। आज शनिवार सुबह तक दुनियाभर में कोरोना वायरस से एक लाख दो हजार लोगों की मौत हो चुकी है। 16 लाख 97 हजार संक्रमित हैं। जबकि तीन लाख 76 हजार ठीक हो चुके हैं। वहीं ब्राजील में एक हफ्ते में मौतों के आंकड़े तीन गुना हो गए हैं। तीन अप्रैल तक यहां 365 लोगों की जान गई थी, जो अब बढ़कर 1,074 हो गई है। उधर फ्रांस में 24 घंटे में 987 लोगों ने दम तोड़ा है। इसके साथ ही फ्रांस में अब तक 13 हजार 197 लोग जान गंवा चुके हैं।
इस बीच विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने शुक्रवार को कहा कि लॉकडाउन खत्म करने में दुनियाभर के देशों को जल्दबाजी नहीं दिखानी चाहिए। इससे और ज्यादा लोगों की मौत हो सकती है।
अमेरिका में 24 घंटे में 2,034 लोगों की मौत हुई है। यहां अब तक कुल 18 हजार 719 लोग जान गंवा चुके हैं। दुनिया में सबसे ज्यादा संक्रमण के करीब पांच लाख तीन हजार मामले अमेरिका में ही हैं। वहीं न्यूयॉर्क ने संक्रमण के मामले में सभी देशों को पीछे छोड़ दिया है। यहां अब तक एक लाख 72 हजार 358 मरीज मिल चुके हैं। राज्य में 24 घंटे में 777 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही मौतों का आंकड़ा सात हजार 844 हो गया है।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि देश में लगाए गए प्रतिबंधों में स्थिति सामान्य होने तक कोई ढील नहीं दी जाएगी। अमेरिका में अब तक 20 लाख से ज्यादा लोगों का टेस्ट किया जा चुका है। देश में ब्लड बेस्ड सेरोलॉजी टेस्ट भी शुरू की जाएगी। इससे लोग संक्रमित है या नहीं या उनकी रोग प्रतिरक्षा कैसी है, इसकी जानकारी मिल सकेगी।
अमेरिका ने उन देशों पर नए वीजा प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है, जिन्होंने कोरोना महामारी के दौरान अपने नागरिकों को स्वदेश बुलाने से इनकार कर दिया। ट्रम्प ने शुक्रवार देर रात एक ज्ञापन जारी कर कहा, “कोरोना वायरस माहमारी के बीच जिस भी देश ने अमेरिका से अपने नागरिकों को स्वदेश वापसी की स्वीकृति नहीं दी या अनुचित रूप से देरी की है, अमेरिका उन पर वीजा प्रतिबंध लगाएगा। इन देशों ने अमेरिकी लोगों के लिए स्वास्थ्य संबंधी खतरे को और बढ़ा दिया है। अमेरिका देश के कानून का उल्लघंन करने वाले विदेशी नागरिकों को प्रत्यावर्तित करने में सक्षम है।” ट्रम्प ने कहा कि कोरोना रोकथाम के लिए लगाए गए प्रतिबंधों में ढील देने से जुड़े फैसले लेने के लिए अलग टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा। वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक 60 प्रतिशत से ज्यादा मौतें न्यूयाॅर्क (777), न्यूजर्सी (232) और मिशीगन (205) राज्य में हुई है। इससे पहले बुधवार को सर्वाधिक 1,936 लोगों की मौत हुई थी। कोरोना के कारण इटली के बाद अमेरिका में सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं। अमेरिका के व्योमिंग राज्य में एक भी मौत नहीं हुई है। यहां संक्रमण के केवल 253 मामले हैं।
इटली के प्रधानमंत्री जूजेप्पे कॉन्टे ने देश में लॉकडाउन तीन मई तक बढ़ा दिया है। इससे पहले यहां 9 मार्च से 3 अप्रैल तक लॉकडाउन लगाया गया था, जिसे 13 अप्रैल तक बढ़ा दिया गया था। इटली में कोरोना से 24 घंटे में 570 लोगों की मौत हुई है, जबकि संक्रमण के करीब चार हजार मामले सामने आए हैं। कोरोना से यहां सबसे ज्यादा 18 हजार 849 लोगों की मौत हुई है। वहीं अब तक एक लाख 47 हजार संक्रमित हो चुके हैं।
फ्रांस में शुक्रवार को 987 लोगों ने दम तोड़ा है। इसके साथ ही वहां मौतों का आंकड़ा 13 हजार से ज्यादा हो गया है। इटली, स्पेन और अमेरिका के बाद फ्रांस चौथा देश हैं, जहां सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं। यहां अब तक एक लाख 24 हजार लोग संक्रमित हैं।
ब्रिटेन में 73 हजार 758 लोग कोरोना से संक्रमित हैं। यहां आठ हजार 958 लोगों की जान जा चुकी है। स्थानीय मीडिया ने कहा कि लिवरपूल के एंट्री अस्पताल में महामारी से संक्रमित 102 साल की बुजुर्ग महिला स्वस्थ हो चुकी हैं और उन्हें शुक्रवार को छुट्टी दे दी गई। समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने शुक्रवार की कहा कि वार्ड की सबसे बुजुर्ग मरीजों में से एक के स्वस्थ होकर घर जाने पर नर्सें इकट्ठा हुईं और खुशी के साथ तालियां बजाकर उन्हें विदाई दी। ब्रिटेन के स्वास्थ्य मंत्री मैट हैनकॉक ने शुक्रवार को कहा कि अभी हर दिन लगभग 19 हजार टेस्ट किए जा रहे हैं। साथ ही कहा कि प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट ता इस्तेमाल अस्पताल में इलाज के लिए किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगले हफ्ते से अस्पतालों में इसकी सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। आगे चलकर इनका निर्यात भी बढ़ाया जाएगा।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन आईसीयू से बाहर आ गए हैं। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें सोमवार रात लंदन के सेंट थॉमस अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। उन्हें वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। 27 मार्च को बोरिस जॉनसन की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद उन्होंने खुद को आइसोलेट कर लिया था। इसके 10 दिन बाद उनकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई। अब जॉनसन को वॉर्ड में थोड़ी दूर चलने के लिए भी कहा गया है।
दक्षिण कोरिया : बीबीसी के मुताबिक दक्षिण कोरिया के स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा है कि देश में कोरोना से ठीक हुए 91 लोगों का टेस्ट फिर से पॉजिटिव आया है। कोरिया सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन ने कहा है कि वे दोबारा कैसे संक्रमित हुए, इसका पता नहीं चल पाया है। कुछ विशेषज्ञों का कहना है कि हो सकता है उनका टेस्ट ठीक से न हुआ हो। यहां अब तक 208 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि दस हजार 450 संक्रमित हैं।
ब्राजील : यहां स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि ब्राजील में कोरोनो वायरस से होने वाली मौतों की संख्या एक सप्ताह में लगभग तीन गुना हो गई है। तीन अप्रैल को मौतों का आंकड़ा 359 था। 10 अप्रैल को यह 1,056 हो गया। जॉन हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के मुताबिक देश में फिलहाल संक्रमण के 19,789 केस हैं। राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो संक्रमण रोकने के उपायों को जारी रखने की बात लगातार खारिज कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक स्थिति महामारी से भी ज्यादा बदतर है। उन्होंने पहले भी कोरोना वायरस को एक मामूली फ्लू बताया था। बोल्सनारो ने देश के कई राज्यों के गवर्नर द्वारा लागू किए गए सेल्फ आइसोलेशन को हटाने की भी मांग की थी।
न्यूजीलैंड : ‘गार्जियन’ के मुताबिक न्यूजीलैंड में शुक्रवार को दो लोगों की मौत हो गई। देश में अब तक कुल चार लोगों की जान जा चुकी है। शुक्रवार को 49 लोगों को अस्पताल से छुट्टी मिल गई। यहां संक्रमण के 1,312 मामले सामने आ चुके हैं।
फिलीपींस ने अपने देश के मेडिकल स्टाफ के दूसरे देशों में काम करने पर बैन लगा दिया है। दो अप्रैल को श्रम सचिव के आदेश में डॉक्टर्स, नर्सों, मेडिकल टेक्निशियन और अन्य स्टाफ को विदेश में काम करने से प्रतिबंधित किया गया है। देश में इस समय आपातकाल लगा हुआ है। आदेश में कहा गया है कि फिलीपींस हर साल 13 हजार मेडिकल स्टाफ को विदेश भेजता है। वहीं, देश में दो लाख 90 हजार स्वास्थ्यकर्मियों की कमी है। यहां अब तक कोरोना से 4,195 लोग संक्रमित हैं, जबकि 221 की मौत हो चुकी है।
चीन के नेशनल हेल्थ कमीशन के मुताबिक शुक्रवार को देश में कोरोना के 46 नए मामले सामने आए और तीन मौतें हुई हैं। इनमें 34 ऐसे केस हैं, जिनमें लक्षण स्पष्ट नहीं दिख रहे। इसके साथ ही चीन में संक्रमण के कुल मामले 81 हजार 953 हो चुका है, जबकि 3,339 लोगों ने जान गंवाई है।
तुर्की : यहां कोरोना वायरस से निपटने के लिए शुक्रवार आधी रात से 31 प्रांतों में 48 घंटे के लिए कर्फ्यू लगा दिया गया है। देश के गृह मंत्री ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की। इसमें अंकारा, अदाना, आएदिन, बुरसा, इस्तानबुल, कोन्या, इरसुरुम जैसे शहर शामिल हैं। देश में 47 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं, जबकि 1,006 लोगों की मौत हो चुकी है। यहां भी इस्तानबुल के एक अस्पताल में भर्ती 93 साल की महिला ठीक हो चुकी है।
अर्जेंटिना में कोरोना संक्रमण के 1,975 मामले हैं, जबकि 82 लोगों की मौत हो चुकी है। राष्ट्रपति एल्बेतो फर्नांडीज ने शुक्रवार को देश को संबोधित करते हुए कहा कि संक्रमण से निपटने के लिए 27 अप्रैल तक लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है।
युद्धग्रस्त यमन में शुक्रवार को कोरोना का पहला मामला सामने आया। कोरोना के लिए बनी राष्ट्रीय आपात समिति ने ट्वीट किया- हैड्राम प्रांत में कोरोना के पहले मामले की पुष्टि हुई। मरीज की हालत स्थिर है और उसका इलाज जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here