कोरोना की तीसरी लहर से पूरे देश में छाये दहशत के बादल!

सावधानी ही बचाव

  • अहमदाबाद में आज शुक्रवार रात से लागू किया जाएगा 57 घंटे का कर्फ्यू
  • सूरत और वडोदरा में कर्फ्यू लगाने या न लगाने पर आज शाम तक होगा फैसला
  • मप्र में भोपाल और इंदौर समेत सात शहरों में लग सकता है नाइट कर्फ्यू
  • कोरोना के डर से दिल्ली-मुंबई के बीच उड़ानें और ट्रेनें बंद कर सकती है महाराष्ट्र सरकार

नई दिल्ली। देश में कोरोना की तीसरी लहर के चलते बढ़ते जा रहे संक्रमित मामलों और मौतों को लेकर हर तरफ चिंता बढ़ती जा रही है। अहमदाबाद में आज शुक्रवार रात नौ बजे से 57 घंटे का कर्फ्यू लगाया जा रहा है। यह 23 नवंबर की सुबह छह बजे तक रहेगा।
मिली खबरों के मुताबिक सूरत और वडोदरा में कर्फ्यू लगाने पर आज शाम तक फैसला हो सकता है। इस दौरान केवल दूध और दवा की दुकानें खुली रहेंगी। जब सोमवार यानी 23 नवंबर की सुबह छह बजे यह कर्फ्यू खत्म होगा, तब उसी दिन रात नौ बजे से नाइट कर्फ्यू शुरू हो जाएगा। रोजाना यह नाइट कर्फ्यू कितने दिनों के लिए रहेगा अभी यह साफ नहीं है। उधर मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कहा है कि अभी लॉकडाउन लगाने का कोई इरादा नहीं है। राज्य सरकार ने 23 नवंबर से स्कूल-कॉलेज खोलने के अपने पुराने आदेश को भी रद्द कर दिया है।
देश में कोरोना की रफ्तार तेज होती जा रही है। गुरुवार को 46 हजार 185 लोग संक्रमित मिले। इसके मुकाबले 45 हजार 246 मरीज ठीक हुए। 583 मरीजों ने महामारी से दम तोड़ दिया। इस तरह एक्टिव केस में 343 की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इलाज करा रहे इन मरीजों की संख्या में 3 अक्टूबर के बाद से लगातार कमी आ रही थी।
हरियाणा सरकार ने राज्य की जेलों में बंद 4 हजार 585 कैदियों की पैरोल 31 दिसंबर तक बढ़ा दी है। इन्हें महामारी फैलने के डर से पैरोल पर छोड़ा गया था।
उधर मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में गुरुवार को कोरोना के 425 नए मामले सामने आए। यह जिले में एक दिन में मिले संक्रमितों का अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। वहीं, इंदौर में कोरोना की तीसरी लहर ने दस्तक दे दी है। गुरुवार को जिले में 313 नए कोरोना मरीज मिले। 33 दिन बाद फिर आंकड़ा 300 के पार हो गया। इसके मद्देनजर सरकार आज शुक्रवार को बड़ा फैसला ले सकती है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, रतलाम, रीवा और सतना में नाइट कर्फ्यू शुरू किया जा सकता है।
कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने रेलवे अधिकारियों से ट्रेन सर्विस को लेकर चर्चा की है। अभी मुंबई से दिल्ली के बीच सेंट्रल रेलवे की एक और वेस्टर्न रेलवे की पांच ट्रेनें चल रही हैं। कोरोना के तेजी से बढ़ते संक्रमण के मद्देनजर, दिल्ली और मुंबई के बीच उड़ानें कुछ समय के लिए रोकी जा सकती हैं। ट्रेनें बंद करने का फैसला भी लिया जा सकता है। सूत्रों के हवाले से यह जानकारी मिली है।
सूत्रों ने बताया कि आज शुक्रवार को सीएम उद्धव ठाकरे ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोरोना को लेकर अधिकारियों से चर्चा की है। इसी में ट्रेन और प्लेन सर्विसेज रोकने का प्रस्ताव आया है। चर्चा यह भी है कि सीएम इसको लेकर जल्द ही कैबिनेट की बैठक बुला सकते हैं। मुंबई में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्कूलों को 31 दिसंबर तक बंद रखने का फैसला किया गया है। माना जा रहा है कि यही मॉडल पूरे महाराष्ट्र में लागू किया जा सकता है। मुंबई में 9वीं से 12वीं तक के स्कूल 31 दिसंबर तक बंद रहेंगे। इससके पहले स्कूलों को 23 नवंबर से खोलने का आदेश दिया गया था।
महाराष्ट्र में गुरुवार को 5535 लोग कोरोना संक्रमित मिले। 5860 लोग रिकवर हुए और 154 की मौत हो गई। अब तक 17 लाख 63 हजार 55 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 46 हजार 356 हो गई है। उधर, दिल्ली में गुरुवार तक संक्रमितों की संख्या बढ़कर 5 लाख 10 हजार 630 हो गई। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here