देश में कोरोना पकड़ रहा रफ्तार!

  • पिछले 24 घंटे में 3303 संक्रमित मिले, आईआईटी मद्रास में 171 की रिपोर्ट पॉजिटिव

नई दिल्ली। देश में बीते बुधवार को कोरोना के 3,303 नए केस सामने आए हैं। ये 47 दिनों मे सबसे ज्यादा हैं। पिछले महीने 11 तारीख को 3,614 केस आए थे। बीते 24 घंटे में 39 संक्रमितों की मौत भी हुई है और 2,642 मरीज ठीक हुए हैं। एक्टिव केस 16,980 हो गए हैं। ये सभी आंकड़े स्वास्थ्य मंत्रालय ने जारी किए हैं। आईआईटी मद्रास में संक्रमितों का आंकड़ा 171 पहुंच गया है।
देश में कुल कोविड संक्रमितों की संख्या बढ़कर अब 4,30,68,799 हो गई है। अब तक कोरोना से 5,23,693 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में बीते 15 दिनों में एक्टिव मरीजों की संख्या 7,448 बढ़ी है। 12 अप्रैल 2022 में 9532 केस मिले थे। वहीं आज गुरुवार को 16,980 एक्टिव केस मिले।
दिल्ली में बीते 24 घंटों में कोरोना के 1,367 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान एक मरीज की मौत हो गई। दूसरे नंबर पर हरियाणा है, यहां कोरोना के 535 केस मिले, जबकि एक मौत हुई। तीसरे नंबर पर केरल है, यहां 347 नए केस मिले, जबकि 14 लोगों की मौत हो गई। वहीं, UP में 258 और एक की मौत, महाराष्ट्र में 186, तमिलनाडु में 77, कर्नाटक में 126 केस मिले हैं। आईआईटी मद्रास में 39 और लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके बाद संस्थान में कोरोना वायरस से संक्रमित छात्रों की कुल संख्या 171 हो गई है। तमिलनाडु के स्वास्थ्य सचिव डॉ. जे राधाकृष्णन यह जानकारी दी।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. सत्येंद्र जैन ने बताया कि दिल्ली में लगभग 5,000 सक्रिय कोविड मामले हैं, लेकिन लोगों को अस्पताल जाने की भी ज्यादा जरूरत नहीं पड़ रही है। हमारे पास दिल्ली में 10,000 बेड हैं, जिनमें से केवल 100 पर ही मरीज हैं। इसके अलावा दिल्ली में सभी पात्र लोगों को बूस्टर डोज लगाने की भी तैयारी हो रही है।
राजस्थान में कोरोना संक्रमण का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को एक दिन में 18% केस बढ़ गए। प्रदेश में 59 नए कोविड पॉजिटिव मरीज मिले हैं। जिनमें अकेले जयपुर में 46 मरीज पाए गए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 242 हो गई है। एक दिन पहले मंगलवार को प्रदेश में 50 संक्रमित मरीज मिले थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here