दून में ‘संविधान बचाओ, देश बचाओ’ रैली में कांग्रेस ने दिखाई ताकत

  • उत्तराखंड कांग्रेस के दिग्गज नेता और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने लिया भाग, सीएए और एनआरसी को बताया काला कानून

देहरादून। पूरे देश में आज शनिवार को नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी के खिलाफ कांग्रेस की ‘संविधान बचाओ, देश बचाओ’ रैली आज निकाली जा रही है।
इसी क्रम में दून में भी यह रैली निकाली गई। जिसमें उत्तराखंड कांग्रेस के दिग्गज नेता और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस दौरान भारी पुलिस फोर्स तैनात रही।

रैली से पहले देहरादून स्थित कांग्रेस भवन में सभा का आयोजन किया गया। जहां केंद्र सरकार को सीएए, एनआरसी और महंगाई को लेकर कठघरे में खड़ा किया। इसके बाद राजीव भवन से रैली निकाली गई। जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। रैली में केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। नागरिकता संशोधन कानून को काला कानून बताया गया। रैली में किशोर उपाध्याय, इंदिरा हृदयेश, सहित कई विधायक और पूर्व विधायक शामिल हुए।

नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोध में हुई कांग्रेस की रैली को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। प्रदर्शनकारियों पर तीसरी आंख से नजर रखी गई। शहर के चारों तरफ से आने वाली बसों और दूसरे वाहनों को पार्किंग के अलग-अलग इंतजाम किए गए। प्रदर्शन के दौरान कई मार्गों का यातायात डायवर्ट रहा। सिटी बसाें और विक्रमों के भी रूट बदले गए। एसपी सिटी श्वेता चौबे शुक्रवार को सीओ सिटी शेखर सुयाल को साथ लेकर सुरक्षा प्रबंधों में जुटी रहीं। छह कंपनी पीएसी के अलावा दो एएसपी, छह सीओ के अलावा लोकल और रेंज स्तर से उपलब्ध पुलिस बल को लगाया गया। थाना प्रभारियों को अपने साथ एक-एक वीडियोग्राफर रखने को कहा गया। हालांकि शहर के तमाम चौराहों पर पुलिस के कैमरे पहले से लगे हुए हैं। एसएसपी अरुण मोहन जोशी ने रात में अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की थी।

वहीं प्रदेश भाजपा ने कांग्रेस की इस रैली पर तंज करते हुए कहा कि ये ‘कांग्रेस बचाओ, राहुल लाओ’ रैली है। पार्टी ने कहा कि कांग्रेस ने संविधान के साथ बार बार खिलवाड़ किया। अब उसके संविधान बचाओ के नारे पर हैरानी हो रही है और हंसी आ रही है। यहां जारी एक प्रेस बयान में प्रदेश मीडिया प्रमुख डॉ. देवेंद्र भसीन ने कांग्रेस की रैली पर कहा कि कांग्रेस ने विभाजन से लेकर 70 साल तक देश का नुकसान किया। अब देश की कांग्रेस से रक्षा करने की आवश्यकता है। कांग्रेस ने संविधान के साथ जमकर खिलवाड़ किया। उन्होंने आपातकाल से लेकर पूर्ण बहुमत की निर्वाचित सरकारों को गिराने के संविधान में अनावश्यक संशोधन के लिए कांग्रेस को गुनाहगार ठहराया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के हाथ संविधान से खिलवाड़ के अपराधों से रंगे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here