अमेरिका में यहूदी प्रार्थनास्थल पर गोलीबारी, एक की मौत

कैलिफॉर्निया में एक बंदूकधारी शख्स ने अंधाधुंध बरसाईं गोलियां, तीन घायल

लॉस एंजेलिस। श्रीलंका में तीन गिरजाघरों और चार होटलों पर हुए आत्मघाती हमले के बाद अब कैलिफॉर्निया में यहूदी प्रार्थनास्थल में एक बंदूकधारी ने अंधाधुंध गोलियां चलाईं जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। 
घटना की जानकारी देते हुए सैन डिएगो काउंटी के शेरिफ बिल गोर ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘गोलीबारी के दौरान चार लोग घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां एक घायल ने दम तोड़ दिया और अन्य तीन की हालत अब स्थिर बताई गई है।’
उन्होंने बताया कि घायलों में एक महिला और दो नाबालिग शामिल हैं। घटना में मारी गई महिला बहुत बुजुर्ग थीं। सैन डिएगो से 19 वर्षीय एक किशोर को गोलीबारी के मामले में गिरफ्तार किया गया है। 
उन्होंने बताया कि जांचकर्ता उसकी सोशल मीडिया गतिविधि की समीक्षा के दौरान ऑनलाइन जारी किए गए एक खुले पत्र की वैधता की जांच कर रहे हैं। पुलिस को सिनगॉग में गोलीबारी की घटना की जानकारी सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे मिली। गोलीबारी एक ‘एआर-15 टाइप’ राइफल से की गई थी। गौरतलब है कि अब तक अमेरिका में गोलीबारी की कई घटनाओं में ‘एआर-15’का इस्तेमाल किया गया है। घटनास्थल पर मौजूद एक गश्त अधिकारी ने संदिग्ध किशोर पर गोली चलाई। वह अधिकारी उस समय ड्यूटी पर नहीं था। सैन डिएगो के पुलिस प्रमुख डेविड निस्लेइट ने बताया कि संदिग्ध किशोर को बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने घटना पर गहरी संवेदना जताते हुए कहा, ‘अभी यह घृणा अपराध प्रतीत हो रहा है। प्रभावित लोगों के साथ मेरी गहरी संवेदनाएं हैं और हम इस मामले की पूरी जांच कराएंगे।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here