भाजपा में अनुशासनहीनता पर नपे चैंपियन और कोठारी

बेतुके बोलों पर गिरी गाज

  • दोनों को तीन—तीन महीने के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से किया निलंबित 
  • श्याम जाजू ने कहा, व्यक्तिगत वैमनस्य में अभद्र भाषा का प्रयोग करना अशोभनीय

देहरादून/ऋषिकेश। भाजपा संगठन ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए भाजपा के खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन और राज्यमंत्री भगत राम कोठारी को तीन महीने के लिए प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है। कोठारी को केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के सामने विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल के साथ हुए विवाद के लिए कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है। 


उधर चैंपियन तीन महीने के लिए प्राथमिक सदस्यता से निलंबन के साथ ही विधानमंडल दल और पार्टी की बैठकों में भाग नहीं ले पाएंगे। अनुशासनहीनता को लेकर चैंपियन पर ये गाज गिरी है। ये निर्णय प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने तात्कालिक तौर पर लिया है। प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल ने इसकी जानकारी दी।
पार्टी ने चैंपियन पर ये कार्रवाई कुछ दिन पूर्व एक मीडियाकर्मी को धमकी देने के मामले में की है। पहले से ही अनुशासनहीनता की जांच में फंसे चैंपियन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वे एक मीडियाकर्मी को धमका रहे थे। इस वीडियो के वायरल होने के बाद भाजपा पर अनुशासन को लेकर सवालिया निशान लग रहे थे।
ऋषिकेश के परमार्थ निकेतन में भाजपा की प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में चैंपियन के प्रकरण पर भी चर्चा हुई। शीर्ष नेतृत्व ने चैंपियन के आचरण को अनुशासनहीनता के दायरे में मानते हुए उनकी प्राथमिक सदस्यता को तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया है। आचरण में सुधार न आने पर पार्टी और सख्त फैसला ले सकती है। 
आज रविवार को ऋषिकेश में हुई भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू ने कोठारी के निलंबन की जानकारी देते हुए कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के खिलाफ व्यक्तिगत वैमनस्य में अभद्र भाषा का प्रयोग करना अशोभनीय है। कोई भी व्यक्ति अगर विधानसभा अध्यक्ष की गरिमा को कम करता है, गालीगलौज करता है, सार्वजनिक मंच से अभद्र भाषा का प्रयोग करता है तो यह अक्षम्य है।
इस दौरान पार्टी ने संगठन के विस्तार और मिशन 2022 को लेकर रणनीति बनाई। उन्होंने कहा कि संगठन की नीति के मुताबिक इस बार पार्टी तीन लाख सदस्य बनाएगी। छह जुलाई से पूरे प्रदेश में सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। नवंबर माह तक भाजपा के संगठनात्मक चुनाव संपन्न होंगे।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में उत्तराखंड में भाजपा को जो मत प्रतिशत मिला है, उसे पंचायत चुनाव में बरकरार रखना होगा। इसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को अभी से जुट जाने की जरूरत है। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल, केदार जोशी, ज्योति प्रसाद, कुसुम कंडवाल, मयंक गुप्ता, पुष्कर सिंह धामी, राजकुमारी गिरी, कैलाश शर्मा, खजानदास, गजराज बिष्ट, आशीष गुप्ता, महेंद्र भट्ट, विनोद कंडारी, सुनील उनियाल गामा आदि उपस्थित थे। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here