कोरोना के बीच अब बर्ड फ्लू का कहर!

  • देशभर में 10 दिन में 4.85 लाख पक्षी मरे, हिमाचल, मध्यप्रदेश और राजस्थान समेत 4 राज्यों में संक्रमण फैला

नई दिल्ली। देश में कोरोना के बीच अब कई राज्यों में बर्ड फ्लू का असर बढ़ता जा रहा है। देशभर में 10 दिन में 4,84,775 पक्षियों की मौत हो चुकी है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और केरल में बर्ड फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। हरियाणा में रिपोर्ट आनी है। जहां 10 दिनों में 4 लाख मुर्गियों की मौत हो चुकी है। गुजरात में 53 पक्षियों की मौत हुई है, लेकिन बर्ड फ्लू की पुष्टि नहीं हुई है। दिल्ली अलर्ट पर है। बढ़ते मामलों को देखते हुए केंद्र सरकार ने दिल्ली में कंट्रोल रूम बनाया है, जो राज्यों के साथ संपर्क में रहेगा।
मध्य प्रदेश : आज बुधवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बर्ड फ्लू के खतरे को देखते हुए आपात मीटिंग बुलाई। उन्होंने जिलास्तर पर नजर रखने के निर्देश दिए और सभी जिलों के पॉल्ट्री फार्मों में रेंडम चेक करने के लिए कहा। बैठक में फैसला लिया गया कि दक्षिण भारत के कुछ राज्यों से कुछ दिनों के लिए पोल्ट्री का कारोबार रोक दिया जाए।
मध्यप्रदेश के 10 जिलों में 400 कौवे मर चुके हैं। इंदौर में मरे 155 कौवों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। 23 दिसंबर से 3 जनवरी के बीच मंदसौर में 100, आगर मालवा में 112 और खरगोन में 13 कौवों की मौत हो गई। प्रदेश में पहली बार 29 दिसंबर को बर्ड फ्लू का पता चला था। डॉ. मनीष इंगोल का कहना है कि 4 कौवों के सैंपल में फ्लू कंफर्म हुआ है। संक्रमण वाले इलाके के 1 किमी के दायरे में मेडिकल टीम जांच करेगी।
राजस्थान : झालावाड़ के बाद जयपुर, कोटा और बारां में भी बर्ड फ्लू की पुष्टि हो गई है। प्रदेश में बीते 24 घंटे में 246 और कौवों की मौत हुई। अब तक कुल 717 कौवों की जान जा चुकी है। कोटा की रामगंजमंडी में 212 मुर्गियां मृत मिलीं। जांच के लिए कुल 110 सैंपल भोपाल के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान भेजे जा चुके हैं। इनमें से 40 की रिपोर्ट आई, जिनमें 25 पॉजिटिव हैं। जोधपुर के सभी 15 सैंपल निगेटिव आए हैं। राज्य में पहली बार 31 दिसंबर को बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई।
हिमाचल : पौंग बांध झील अभयारण्य में मरे पाये गए बार हेडेड गूज और दूसरे पक्षियों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। जालंधर, पालमपुर लैब के बाद अब भोपाल से मिली रिपोर्ट में भी एच5एन1 एवियन इन्फ्लूएंजा पाया गया है। हिमाचल में पक्षियों के मरने का पहला मामला 28 दिसंबर को सामने आया था। राज्य में अब तक 2403 प्रवासी पक्षी मर चुके हैं। प्रदेश सरकार ने अलर्ट जारी करने के साथ ही स्थिति पर काबू पाने के लिए सक्रियता बढ़ा दी है। कांगड़ा के चार उपमंडलों में मछली, मुर्गे और अंडों की बिक्री को बैन कर दिया है।
केरल : यहां अलप्पुझा और कोट्टायम जिलों में बर्ड फ्लू के मामले आए हैं। सरकार ने इसे राज्य आपदा घोषित कर दिया है। हाई अलर्ट भी जारी किया है। प्रदेश में बर्ड फ्लू से 12 हजार बतखें मर चुकी हैं। जिन इलाकों में बर्ड फ्लू के केस आए हैं, वहां 40 हजार पक्षियों को मारने के आदेश दिए गए हैं।
गुजरात : जूनागढ़ में एक बांध के पास सोमवार को 53 पक्षी मरे हुए मिले थे। हालांकि, सरकार बर्ड फ्लू फैलने से इनकार कर रही है। सरकार का कहना है कि दो पक्षियों की ऑटोप्सी रिपोर्ट में जहर से मौत होने की बात सामने आई है।
हरियाणा : पंचकूला के बरवाला इलाके के 20 पॉल्ट्री फार्म में 4 लाख से ज्यादा मुर्गियां मरने की बात पशुपालन एवं डेयरी विभाग ने मानी है। अब एडवाइजरी भी जारी की गई है। जांच के लिए सैंपल जालंधर भेजे गए हैं, रिपोर्ट का इंतजार है। अगर बर्ड फ्लू की बात सामने आती है तो देश में इस बीमारी से मरने वाले पक्षियों की संख्या 4.84 लाख से ऊपर पहुंच जाएगी।
दिल्ली : कई राज्यों में पक्षियों की बर्ड फ्लू से मौत के मामले सामने आने के बाद दिल्ली सरकार भी अलर्ट पर है। मोदी सरकार की गाइडलाइन के बाद दिल्ली सरकार ने भी एहतियाती कदम उठाते हुए निर्देश जारी किए हैं। पक्षियों की मौत का कोई भी मामला सामने आने पर तुरंत स्टेट नोडल पशुपालन विभाग को रिपोर्ट करने को कहा गया है।
यह वायरस काफी खतरनाक होता है और इंसानों की जान तक ले सकता है। एक्सपर्ट का कहना है कि इंसान में इस वायरस से निमोनिया होता है तो वह खतरनाक हो जाता है। सीनियर प्रोफेसर (मेडिसिन) डॉ. रमन शर्मा के मुताबिक इसका इलाज भी है। स्वाइन फ्लू में दी जाने वाली दवा इस पर भी काम करती है। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here