अब जापान में बर्ड फ्लू का कहर : 34 लाख मुर्गियों की हत्‍या, और मारी जाएंगी 11 लाख!

टोक्‍यो। जापान में कोरोना वायरस के कहर के बीच अब बर्ड फ्लू भी फैल गया है। बर्ड फ्लू के इसी खतरे को रोकने के लिए जापान के चीबा प्रांत में 11 लाख मुर्गियों की हत्‍या की जाएगी। बर्ड फ्लू का प्रसार रोकने के लिए पहले ही 34 लाख मुर्गियों की हत्‍या की जा चुकी है। चीबा जापान का 13वां ऐसा इलाका है जहां पर बहुत तेजी से बर्ड फ्लू फैल रहा है। इस बीमारी के खतरे से निपटने के लिए बर्ड फ्लू की चपेट में आए मुर्गियों के फार्म में मौजूद 11 लाख 60 हजार मुर्गियों को मारा जाएगा। जापानी अधिकारियों ने 10 किमी के इलाके को क्‍वारंटाइन कर दिया है और इस इलाके में चिकेन और अंडे को भेजे जाने को पूरी तरह से बैन कर दिया गया है। चीबा प्रांत से पहले जापान के कगवा, फुकुओका, हयोगो, मियाजाकी, हिरोशिमा, नारा, ओइता, वकायमा, शिगा, तोकुशिमा और कोचि में भी बर्ड फ्लू फैला हुआ है।हाल ही में बर्ड फ्लू का प्रकोप ब्रिटेन, नीदरलैंड, उत्‍तरी जर्मनी और बेल्जियम में भी सामने आया है। जापान में बर्ड फ्लू फैलने का यह मामला ऐसे समय पर आया है जब देश में कोरोना वायरस का प्रकोप फैला हुआ है। अब तक 2,03,113 लोग जापान में कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। जापान में कोरोना वायरस से अब तक 2,994 लोग मारे गए हैं। पूरी दुनिया में अब तक 17,39,195 लोग कोरोना वायरस की भेंट चढ़ चुके हैं। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here