बागेश्वर : पारिवारिक कलह में महिला ने गटका जहर, मासूम बेटी को भी पिलाने से मौत

बागेश्वर। जिले के कोठों रामपुर गांव में एक महिला ने जहर गटक अपनी 11 माह की मासूम बेटी को भी जहर पिला दिया, जिससे मासूम की मौत हो गई। महिला अस्पताल में उपचाराधीन है। बताया जा रहा है कि पारिवारिक कलह के चलते महिला ने यह कदम उठाया।
थानाध्यक्ष कैलाश बिष्ट ने बताया कोठों गांव निवासी  19 वर्षीय महिला ने पारिवारिक कलह के चलते रविवार दोपहर खुद जहर गटकने के साथ अपनी 11  माह की बच्ची को भी जहर पिला दिया। 108 से ग्रामीण दोनों को मोहन सिंह मेहता सीएचसी बैजनाथ लाए। बच्ची ने अस्पताल पहुंचते ही दम तोड़ दिया, जबकि प्राथमिक उपचार के बाद महिला की हालत ठीक बताई जा रही है।
महिला का पति फरीदाबाद में एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। ग्राम प्रधान कैलाश गोस्वामी ने बताया कि रविवार की सुबह उन्हें महिला के पड़ोस से फोन आया जिसमें महिला के जहर गटकने की बात कही गई। खबर सुनते ही वह मौके पर गए। महिला के मुंह से झाग निकल रहा था लेकिन बच्ची शांत पड़ी थी। ग्राम प्रधान ने तत्काल अस्पताल में फोन कर एंबुलेंस मंगाई। परिजनों ने बताया कि सुबह परिवार में बहसबाजी हो गई थी। कलह बढ़ने के बाद महिला ने अपने कमरे में जाकर दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर बाद जब परिवार वालों ने दरवाजा खुलवाया तो बच्ची शांत पड़ी थी और महिला के मुंह से झाग निकल रहा था।
घटना के समय घर पर कोई पुरुष नहीं था। महिला का पति फरीदाबाद में नौकरी करता है, जबकि ससुर ट्रक चलाते हैं। वह अक्सर घर से बाहर रहते हैं। घर में एकमात्र बुजुर्ग दादा हैं, जो बहस होने के बाद बाजार चले गए थे। ग्रामीण भी इस घटना से सकते में हैं।
मामले की जांच कर रहे डंगोली चौकी इंचार्ज भूपेंद्र सिंह मेहता ने बताया कि बच्ची को गला दबाकर मारने की भी संभावना ग्रामीण जता रहे हैं। फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही है। बच्ची के शरीर और गले में कोई निशान नहीं हैं।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असल कारणों का पता चल पाएगा। घटना की सूचना महिला के पति को दे दी गई है। वह फरीदाबाद से रवाना हो गया है और कल तक घर पहुंच जाएगा। फिलहाल अस्पताल में भर्ती महिला भी बयान देने की हालत में नहीं है। उसके ठीक होने पर ही बयान लिए जाएंगे।
थानाध्यक्ष कैलाश बिष्ट ने बताया कि बच्ची को उन्होंने स्वयं चेक किया। उसके शरीर पर चोट के निशान नहीं हं। बच्ची को गला दबाकर मारने की बात गांव में चल रही थी, लेकिन लगता है कि महिला ने उसे जहर ही दिया है। हालांकि सही जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही आ पाएगी। महिला के मायके वालों को भी सूचना दे दी गई है। महिला अस्पताल में ही भर्ती है। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here