मील का पत्थर बनी औली में शाही शादी!

बरसों तक रहेगी चर्चा में 

  • औली की वादियों में आयोजित इस शानदार विवाह समारोह में साक्षी बने सितारे और नामी-गिरामी हस्तियां
  • मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, स्वामी रामदेव और चिदानंद मुनि समेत देश विदेश के लोगों ने वर-वधू को दिया आशीर्वाद  
औली। उद्योगपति गुप्ता बंधुओं के दूसरे बेटे की शादी आज शनिवार को शानदार तरीके से संपन्न हो गई। शादी समारोह में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के अलावा योग गुरु स्वामी रामदेव और विदेशी मेहमान भी वर वधू को आशीर्वाद देने पहुंचे। इस मौके पर बॉलीवुड अभिनेता सिद्धार्थ कपूर समेत कई फिल्मी सितारों ने भी जश्न में चार चांद लगा दिये।
दक्षिण अफ्रीका में भारतीय मूल के उद्योगपति अतुल गुप्ता के पुत्र शशांक की आज बारात निकलने से पहले बाबा रामदेव ने शादी में आए सितारों और मेहमानों को योग कराया। सुबह सात बजे से एक घंटे तक योग गुरु बाबा रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, परमार्थ निकेतन के परमाध्यक्ष चिदानंद सरस्वती महाराज के साथ मेहमानों और बारातियों ने योग भी किया। इस दौरान अभिनेता करनवीर भी योग करते नजर आए।
101 पंडितों ने यह शादी करवाई। आज सुबह आठ बजे से शशांक गुप्ता शादी की रस्में शुरू हुईं। सुबह मुंबई से आई ढोल टीम ने गणपति बप्पा मोरया के जयकारों के साथ दूल्हे का स्वागत किया। जिसके बाद सुबह 11 बजे दूल्हे राजा शशांक की घुड़चढ़ी हुई। घोड़े बैठे दूल्हे के साथ बाराती बैंड बाजे के बीच विवाह स्थल पहुंचे। इसके बाद विधि विधान के साथ शादी संपन्न हुई।
शादी में 300 से अधिक मेहमान शामिल हुए। शादी समारोह में कई कैमरे व ड्रोन लगाए गए हैं। गौरतलब है कि इस शाही शादी में रोज नए फूल सजाये गये। गुप्ता बंधुओं के बेटों की शादी पर जहां पूरे देश की नजर है, वहीं हाईकोर्ट के आदेश पर चमोली जिला प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीसीबी) की टीम भी औली में डेरा डाले हुए है। शादी समारोह से औली के पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभाव की रिपोर्ट हाईकोर्ट को भेजी जाएगी। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here