कंगना और उद्धव की जंग में अब भगतदा की एंट्री!

  • महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी बीएमसी की कार्रवाई पर जताई नाराजगी

मुंबई। फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बीच जारी लड़ाई में अब महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी की एंट्री हो गई है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक आज गुरुवार को उन्होंने इस पूरे प्रकरण में मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार अजेय मेहता से चर्चा की। इस दौरान ने राज्यपाल ने बीएमसी कार्रवाई पर नाराजगी भी जताई है। उधर आज गुरुवार को ही हिमाचल, जयपुर और पटना में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के खिलाफ और कंगना के समर्थन में बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किये गये हैं।
इस मामले में भाजपा भी कंगना के साथ खड़ी नज़र आ रही है। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फ़ड़नवीस ने इसे कायरता बताया। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। ठाकुर ने कहा कि हम हिमाचल की बेटी का अपमान सहन नहीं कर सकते। महाराष्ट्र सरकार ने हिमाचल की बेटी कंगना रनौत के साथ जो राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से अत्याचार किया है यह अत्यंत चिंताजनक एवं निंदनीय है। हमारी सरकार व देश की जनता इस घटनाक्रम में हिमाचल की बेटी कंगना के साथ खड़ी है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक राज्यपाल कोश्यारी से हुई बातचीत के बारे में अजेय मेहता सीएम उद्धव को जानकारी दे देंगे। वहीं भगतदा भी इस विषय पर केंद्र को एक रिपोर्ट देने वाले हैं। गौरतलब है कि बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बीच लड़ाई लगातार बढ़ती जा रही है। दोनों तरफ से जुबानी हमले तेज हैं। कंगना ने तो उद्धव ठाकरे को वंशवाद का नमूना तो शिवसेना को सोनिया सेना तक कह डाला।
कंगना रनौत के ऑफिस पर कथित अवैध निर्माण की बीएमसी की कार्रवाई पर शरद पवार और कांग्रेस के विरोध जताने के बाद महाराष्ट्र की ठाकरे सरकार बैकफुट पर आ गई है। अब मुंबई पुलिस ने कंगना रनौत के खार स्थित घर और बांद्रा में उनके दफ्तर/बंगले के बाहर सुरक्षा बंदोबस्त किए हैं। एक अधिकारी ने आज गुरुवार को यह जानकारी दी।
कंगना ने हाल ही में मुंबई पुलिस की आलोचना की थी और महानगर की तुलना पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) से की थी, जिस पर उठे विवाद के बाद उन्हें केंद्र की ओर सुरक्षा प्रदान की गयी है। शिवसेना ने उनके बयानों की निंदा की थी। कंगना बुधवार को हिमाचल प्रदेश में अपने घर से मुंबई लौटी थीं। उनके लौटने से कुछ समय पहले ही शिवसेना के नियंत्रण वाले बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने उनके बांद्रा स्थित बंगले/दफ्तर में ‘अवैध निर्माण कार्यों को गिराने की कार्रवाई शुरू की थी। हालांकि, कुछ समय बाद ही बंबई हाईकोर्ट ने अभिनेत्री को राहत देते हुए बीएमसी द्वारा अवैध निर्माण को तोड़ने की प्रक्रिया पर रोक लगा दी थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here