खूब हो रहे 200 करोड़ की शादी के चर्चे
- सहारनपुर मूल के अफ्रीका के कारोबारी गुप्ता बंधुओं के बेटों की शादी में स्विटजरलैंड की तर्ज पर सजाई जा रही विश्वप्रसिद्ध पर्यटन केंद्र औली
- कैटरीना कैफ, सिद्धार्थ मल्होत्रा, शाहिद कपूर के साथ ही कैलाश खेर, शंकर अहसान लाय, विशाल शेखर संगीत की सजाएंगे शानदार महफिल
- औली में शादी के बाद दूल्हा-दुल्हन के साथ सभी मेहमान त्रिजुगीनारायण जाएंगे और वहां लेंगे भगवान शिव और मां पार्वती का आशीर्वाद
देहरादून। सहारनपुर मूल के अफ्रीका के कारोबारी गुप्ता बंधुओं में से अजय गुप्ता के बेटे सूर्यकांत की शादी दिल्ली के सिंघल परिवार में हो रही है। हीरों के व्यापारी सुरेश सिंघल की बेटी कृतिका सिंघल के साथ सूर्यकांत का विवाह तय हुआ है। जबकि अतुल गुप्ता के बेटे शशांक की शादी दुबई के कारोबारी विशाल जलान की बेटी शिवांगी जलान से होने जा रही है। विशाल जलान का दुबई में रियल स्टेट, हॉस्पिटल और अन्य कारोबार हैं।
उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन केंद्र औली में होने जा रही शादी का जो कार्ड तैयार किया गया है, वह बेहद अनोखा है। शादी का कार्ड चांदी के एक बड़े बॉक्स में है। इसमें शादी की डिटेल वाली छह प्लेटे हैं जो चांदी की बनी हैं। इनका कुल वजह 4.5 किलो है। इसके अलावा प्रिंटेड पेपर कार्ड भी अनोखा है। इसके पहले पन्ने पर गुप्ता परिवार का लोगो बना है। इसके बाद के पन्नों पर औली और बदरीनाथ धाम की तस्वीरें हैं।
दोनों बेटों की शादियां 100 पंडितों का दल कराएगा। इसमें अवधेशानंद महाराज मुख्य पुजारी होंगे। कथा वाचक रमेश भाई ओझा भी शामिल रहेंगे। दोनों बेटों की शादी दिन में होगी। 22 को शशांक की शादी के बाद पूरा दल बल त्रिजुगीनारायण जाएगा और शिव पार्वती का आशीर्वाद लेगा। गुप्ता परिवार ने बताया कि उनकी माता अंगूरी देवी की इच्छा थी कि त्रिजुगीनारायण में ही फेरे लिए जाएं, लेकिन वहां जगह कम होने के कारण फेरों का प्लान बदलना पड़ा। अब औली में शादी के बाद दूल्हा-दुल्हन के साथ सभी मेहमान त्रिजुगीनारायण जाएंगे। ऐसी मान्यता है कि त्रिजुगीनारायण में ही शिव पार्वती की शादी हुई थी।
शादी में आने वाले मेहमानों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विख्यात दिल्ली की कंपनी ली चाट को जिम्मा दिया गया है। लगभग 400 अलग अलग पकवानों की व्यवस्था होगी। देश और दुनिया के लगभग सभी अहम व्यंजन शादी समारोह में परोसे जाएंगे। उत्तराखंड के पकवानों को भी इसमें खास जगह मिलेगी। इंटरनेशनल म्यूजिक ग्रुप सिम्फनी और बांबे रॉकर्स भी अपने खास अंदाज से मेहमानों का मनोरंजन करेंगे। इस खास शादी में बॉलीवुड के खास सितारे चमकेंगे। कैटरीना कैफ, सिद्धार्थ मल्होत्रा, शाहिद कपूर के साथ ही कैलाश खेर, शंकर अहसान लाय, विशाल शेखर संगीत की शानदार महफिल सजाएंगे। गत शनिवार को करीब 15 ट्रकों में यहां सामान पहुंचा। एक हेलीकाप्टर भी सामान ढोने में लगाया गया है। 15 जून तक शादी के लिए औली को पूरी तरह तैयार कर दिया जाएगा