यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ की माता का निधन…उत्तराखंड के पंचूर गांव में ली अंतिम सांस

पौड़ी।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जुड़ी एक दुखद खबर सामने आ रही है। उनकी माता सावित्री देवी का 91 साल की आयु में पौड़ी स्थित उनके पैतृक आवास पर निधन हो गया है। निधन होने की जानकारी पौड़ी के एसएसपी सर्वेश कुमार ने दी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां का निधन
दरअसल सीएम योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी लंबे समय से बीमार चल रही थी। उनकी माता सावित्री देवी एक गृहिणी थीं। वो उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव में रहती थीं। बीते महीनों में कई बार उनका स्वास्थ्य खराब हुआ था। उस दौरान सीएम योगी उन्हें अस्पताल में देखने भी पहुंचे थे।
अंतिम संस्कार के लिए पौड़ी पहुंच सकते हैं सीएम योगी
सावित्रि देवी की घर पर ही डॉक्टरों की टीम ने उनकी जांच की। 11:50 में उन्होंने अपने घर में अंतिम सांस ली। मिली जानकारी के मुताबिक बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी मां के अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पौड़ी पहुंच सकते हैं।
सीएम ने जताया शोक
सीएम धामी ने यूपी के सीएम की मां के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “उत्तर प्रदेश के आदरणीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की पूज्य माताजी श्रीमती सावित्री देवी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है।
माँ का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। बाबा केदार से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा माननीय योगी जी सहित समस्त शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”







