गोवा में कांग्रेस से भाजपा में आए 3 विधायक बने मंत्री

  • मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने मंत्रिमंडल में किया फेरबदल
  • गोवा फॉरवर्ड पार्टी के सभी मंत्रियों की छुट्टी

पणजी। गोवा में कांग्रेस के 10 विधायकों के भाजपा में शामिल होने के 2 दिन बाद मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने शनिवार को अपने मंत्रिमंडल में फेरबदल किया। मंत्रिमंडल में बदलाव के लिए सहयोगी दल गोवा फॉरवर्ड पार्टी के 3 सदस्यों और एक निर्दलीय सदस्य को मंत्री पद से हटाया गया। गोवा विधानसभा के उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा देने वाले माइकल लोबो और इस सप्ताह भाजपा में शामिल होने वाले 10 में से 3 विधायक चंद्रकांत कावलेकर, जेनिफर मोंसेराते, फिलिप रोड्रिगेज ने नए मंत्रियों के तौर पर शपथ ली। गोवा की राज्यपाल मृदुला सिन्हा ने दोपहर में राज भवन में आयोजित एक समारोह में नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण से पहले मुख्यमंत्री ने एक अधिसूचना जारी की। अधिसूचना के अनुसार 4 मंत्रियों-उप मुख्यमंत्री विजय सरदेसाई, जल संसाधन मंत्री विनोद पालेकर, ग्रामीण विकास मंत्री जएश सालगांवकर (सभी गोवा फॉरवर्ड पार्टी विधायक) और राजस्व मंत्री रोहन खुंटे (निर्दलीय) को मंत्रिमंडल से हटा दिया गया। कांग्रेस के 10 विधायक बुधवार को भाजपा में शामिल हुए थे।
इसके साथ ही 40 सदस्यीय सदन में भाजपा के विधायकों की संख्या बढ़कर 27 हो गई है। उनके समर्थन के बाद सावंत ने जीएफपी के मंत्रियों को हटाने का फैसला किया। क्षेत्रीय पार्टी जीएफपी ने साल 2017 में मनोहर पर्रिकर के नेतृत्व वाली सरकार के गठन में अहम भूमिका निभाई थी। 3 महीने पहले मुख्यमंत्री बनने के बाद से यह सावंत मंत्रिमंडल में दूसरा फेरबदल है।
वहीँ गोवा के निवर्तमान उप मुख्यमंत्री विजय सरदेसाई ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस के 10 विधायकों को भाजपा में शामिल करना दिवंगत मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर द्वारा स्थापित परंपरा को खत्म करना है। सरदेसाई ने मिरामार में पर्रिकर के स्मारक के पास लोगों से कहा कि ‘पर्रिकर की 2 बार मौत हुई, उनका देहावसान 17 मार्च को हुआ, जबकि शनिवार को उनकी राजनीतिक परंपरा खत्म हो गई’। उन्होंने यह भी कहा कि गोवा फॉरवर्ड पार्टी (गोवा फॉरवर्ड पार्टी) भाजपा नीत सरकार से अपना समर्थन वापस ले रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here